महावीर जयंती पर 2625 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य, 108 स्थानों पर होगा विशाल सेवा अभियान
By Goapl Gupta ·
19 Feb 2026 ·
14 views
राजस्थान जैन सभा, जयपुर
महावीर जयंती पर 2625 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य, 108 स्थानों पर होगा विशाल सेवा अभियान -- कैलाश चंद्र कौशिक
जयपुर! मार्च 2026
भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर राजस्थान जैन सभा, जयपुर द्वारा मानवता की सेवा को समर्पित एक विशाल “रक्तदान सेवा अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान पूरे मार्च माह में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर के 108 विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। सभा द्वारा इस अवसर पर 2625 यूनिट रक्त एकत्रित करने का संकल्प लिया गया है।
सभा के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान भगवान महावीर के करुणा, अहिंसा और मानव कल्याण के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त प्रयास है। “जीवो और जीने दो” के पावन संदेश को आत्मसात करते हुए यह आयोजन समाज सेवा की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
रक्तदान को महादान मानते हुए सभा ने युवाओं, महिलाओं एवं समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया है। विभिन्न जोन एवं शाखाओं के माध्यम से व्यापक तैयारियाँ की गई हैं, ताकि प्रत्येक शिविर सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संचालित हो सके।
इच्छुक रक्तदाता अपने-अपने क्षेत्रीय संयोजकों अथवा शाखा अध्यक्ष/मंत्री से संपर्क कर पंजीकरण करवा सकते हैं।
राजस्थान जैन सभा ने समाज के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवा शक्ति से अपील की है कि वे आगे बढ़कर रक्तदान करें और मानव जीवन बचाने के इस पुण्य अभियान को सफल बनाएं। यह आयोजन न केवल सेवा का अवसर है, बल्कि भगवान महावीर के आदर्शों को व्यवहार में उतारने का एक प्रेरणादायक प्रयास भी है।