गरीबों की सेवा ही सच्ची देशभक्ति – इंद्रधर दुबे*
By Goapl Gupta ·
17 Mar 2026 ·
49 views
*गरीबों की सेवा ही सच्ची देशभक्ति – इंद्रधर दुबे*
----------------------------------------------------
*तरुण चेतना संस्थान ने एक सौ साठ गरीब परिवारों को बांटा राशन*
सुभाष तिवारी लखनऊ
पट्टी, प्रतापगढ़
पट्टी क्षेत्र के रमईपुर दिशिनी स्थित मुसहर बस्ती में अत्यंत गरीब परिवारों के बीच आज राशन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जीव दया फाउंडेशन के सहयोग से तरुण चेतना संस्थान द्वारा संचालित प्री-न्यूट्रिशन स्कूल के माध्यम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अत्यंत जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न सहायता प्रदान कर उनके जीवन में सहयोग करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ग्राम प्रधान रमईपुर दिशिनी एवं पट्टी ब्लॉक संघ के अध्यक्ष इंद्रधर दुबे (छोटे दुबे) ने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल शब्दों से नहीं बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करने से मिलती है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर गरीबों की मदद करनी चाहिए ताकि समाज में समानता और सहयोग की भावना मजबूत हो सके। उनके माध्यम से उपस्थित गरीब परिवारों के बीच राशन सामग्री का वितरण किया गया।
इसी क्रम में समाजसेवी सत्यम दुबे ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि तरुण चेतना संस्थान और जीव दया फाउंडेशन गरीब, वंचित और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए जो सेवा कार्य कर रहे हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों से समाज में आपसी सहयोग, संवेदना और मानवता की भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आगे भी इस तरह के सामाजिक कार्यों में अपना सहयोग देने की बात कही।
प्री-न्यूट्रिशन स्कूल के विषय में जानकारी देते हुए तरुण चेतना संस्थान के सह-निदेशक हकीम अंसारी ने कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जीव दया फाउंडेशन के सहयोग से विभिन्न गरीब बस्तियों में जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नेवादा की जोगी बस्ती, ढिढुई की मुसहर बस्ती, कंजा की मुसहर बस्ती सहित चार स्थानों पर कुल मिलाकर लगभग 160 अत्यंत गरीब परिवारों को राशन सामग्री वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि इन परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और ऐसे प्रयासों से उन्हें कुछ राहत मिलती है।
कार्यक्रम का संचालन श्याम शंकर शुक्ला ने किया।
इस अवसर पर कमलेश बनवासी, सावित्री देवी, अजय मिश्रा (हवलदार) सहित क्षेत्र के अन्य लोगों की सक्रिय भागीदारी रही और सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया।