डेटा विज़ुअलाइजेशन यूज़िंग एक्सेल एंड पावर बीआई पर एक दिवसीय कार्यशाला
By Goapl Gupta ·
19 Apr 2026 ·
5 views
डेटा विज़ुअलाइजेशन यूज़िंग एक्सेल एंड पावर बीआई पर एक दिवसीय कार्यशाला
विद्यार्थियों को मिला आधुनिक तकनीकी दक्षता का सशक्त मंच
उदयपुर जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के संघटक विभाग, डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में माननीय कुलपति प्रो. एस. एस. सारंगदेवोत के निर्देशन में “डेटा विज़ुअलाइजेशन यूज़िंग एक्सेल एंड पावर बीआई” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी के अनुरूप तकनीकी दक्षता प्रदान करना तथा उन्हें डेटा विज़ुअलाइजेशन के क्षेत्र में व्यावहारिक रूप से सक्षम बनाना रहा, ताकि वे उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
विभाग की निदेशक प्रो. मंजू माण्डोत ने बताया कि वर्तमान समय डिजिटल एवं तकनीकी क्रांति का युग है, जिसमें डेटा एनालिसिस एवं डेटा विज़ुअलाइजेशन का अत्यधिक महत्व है। उन्होंने बताया कि एक्सेल एवं पावर बीआई जैसे टूल्स अपनी सरलता, प्रभावशीलता एवं व्यापक उपयोग के कारण विश्वभर में अत्यंत लोकप्रिय हैं। इन टूल्स के माध्यम से जटिल डेटा को सरल एवं आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनती है। उन्होंने आगे बताया कि इस कार्यशाला के माध्यम से विभाग के बीसीए, एमसीए, एमएससी एवं पीजीडीसीए में अध्ययनरत विद्यार्थियों को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान किया गया, बल्कि उन्हें प्रायोगिक प्रशिक्षण, लाइव प्रोजेक्ट्स तथा इंडस्ट्री-ओरिएंटेड टास्क के माध्यम से वास्तविक अनुभव भी प्राप्त हुआ। इससे विद्यार्थियों की विश्लेषणात्मक क्षमता एवं तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स एंड आईसीटी अकैडमी (E&ICT Academy), आईआईटी कानपुर के तकनीकी प्रशिक्षक श्री संदीप शर्मा ने अपने व्याख्यान में डेटा विज़ुअलाइजेशन की मूलभूत अवधारणाओं से लेकर उन्नत तकनीकों तक विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने एक्सेल एवं पावर बीआई के विभिन्न फीचर्स जैसे डेटा क्लीनिंग, डेटा मॉडलिंग, इंटरैक्टिव डैशबोर्ड निर्माण तथा रियल-टाइम रिपोर्टिंग के बारे में विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से समझाया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में लगभग प्रत्येक क्षेत्र—जैसे बैंकिंग, मार्केटिंग, हेल्थकेयर एवं शिक्षा—में डेटा विज़ुअलाइजेशन का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कुशल पेशेवरों की मांग भी निरंतर बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रायोगिक गतिविधियों में भाग लिया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विभाग के संकाय सदस्य श्री मुकेश नाथ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. भरत सुखवाल द्वारा किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, वक्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कौशल उन्नयन कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।