सिविल सेवा सिर्फ करियर नहीं, बल्कि देश सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम, सीए के लिए कुछ भी असंभव नहीं : सीए नमित मेहता (आईएएस)
By Goapl Gupta ·
19 Apr 2026 ·
6 views
सिविल सेवा सिर्फ करियर नहीं, बल्कि देश सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम, सीए के लिए कुछ भी असंभव नहीं : सीए नमित मेहता (आईएएस)
उदयपुर जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थानकी सार्वजनिक सेवा में सदस्यों की समिति द्वारा “सार्वजनिक सेवा हेतु इच्छुक सीए सदस्यों के लिए जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम” का आयोजन उदयपुर में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “सार्वजनिक सेवा में चार्टर्ड मस्तिष्क: नई पीढ़ी को प्रेरित करना” रहा, जिसका उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सार्वजनिक सेवा क्षेत्र में करियर के लिए प्रेरित एवं मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत उद्बोधन के साथ हुई। उदयपुर शाखा के अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रमों की महत्ता पर प्रकाश डाला और इस कार्यक्रम को उदयपुर में करवानें के लिए केंद्रीय परिषद का धन्यवाद ज्ञापित किया ।
कार्यक्रम का नेतृत्व सार्वजनिक सेवा में सदस्यों की समिति के अध्यक्ष एवं केंद्रीय परिषद सदस्य सीए (डॉ.) रोहित रुवाटिया ने किया। साथ ही केंद्रीय परिषद सदस्य सीए अर्पित काबरा एवं सीए दुर्गेश काबरा की भी विशेष उपस्थिति रही।
शाखा उपाध्यक्ष सीए सौरभ गोलछा ने बताया कि कार्यक्रम में सार्वजनिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान दे रहे चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सीए नमित मेहता (आईएएस), एक्साइज कमिश्नर, राजस्थान, सीए अक्षय काबरा (आईआरएस), डिप्टी डायरेक्टर, आयकर विभाग, उदयपुर, सीए तुषार सरस्वत (आईआरटीएस), डायरेक्टर, रेल मंत्रालय, नई दिल्ली, सीए प्रवेश शर्मा, डिप्टी डायरेक्टर, एसएफआईओ, कोलकाता,
सीए कपिल गोयल, असिस्टेंट डायरेक्टर, कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) एवं आईआईसीए, नई दिल्ली
ने अपने अनुभव साझा करते हुए यह बताया कि सिविल सेवाओं में कौन-कौन से अवसर उपलब्ध हैं, कार्य का स्वरूप कैसा होता है तथा इसमें चयन के लिए किस प्रकार की तैयारी की जाती है। उन्होंने तैयारी की सही रणनीति, समय प्रबंधन, विषय चयन, निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम रैडिसन ब्लू पैलेस रिसॉर्ट, उदयपुर में आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में नए सीए सदस्यों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष सीए कपिल जोशी, सिकासा अध्यक्ष सीए धर्मेंद्र कोठारी, सीए राहुल माहेश्वरी, राजसमंद आईसीएआई शाखा अध्यक्ष सीए मयंक राठी, उपाध्यक्ष सीए डी. एस. मेहता सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन सचिव सीए अरुणा गेलडा द्वारा प्रस्तुत किया गया एवं कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। यह कार्यक्रम प्रतिभागियों के लिए न केवल मार्गदर्शन का मंच बना, बल्कि सार्वजनिक सेवा के प्रति नई प्रेरणा एवं जागरूकता उत्पन्न करने में भी महत्वपूर्ण साबित हुआ।