उदयपुर में नरसिंह चतुर्दशी पर भव्य हवन और संकीर्तन का आयोजन*
By Goapl Gupta ·
30 Apr 2026 ·
178 views
*उदयपुर में नरसिंह चतुर्दशी पर भव्य हवन और संकीर्तन का आयोजन*
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। नरसिंह चतुर्दशी के पावन अवसर पर भूपालपुरा एलन रोड स्थित हरे कृष्णा मूवमेंट उदयपुर द्वारा भगवान नरसिंह के प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सायं 6:30 बजे विशाल नरसिंह हवन प्रारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और आहुतियों के साथ सम्पन्न हुए इस हवन में भक्तों ने भगवान नरसिंह से दिव्य संरक्षण और समाज में शांति व मंगल की प्रार्थना की। उपस्थित भक्तों के अनुसार हवन का वातावरण अत्यंत अद्भुत और भक्तिमय रहा।
इस अवसर पर मंदिर में विराजमान श्री श्री गौर-निताई के विग्रहों की वेदी को भी विशेष रूप से सजाया गया। आम के मौसम के आगमन को ध्यान में रखते हुए वेदी को ताजे आमों से सुंदर ढंग से अलंकृत किया गया, जिससे पूरा परिसर अत्यंत आकर्षक और दिव्य दिखाई दे रहा था।
हवन के पश्चात भक्तों द्वारा भगवान नरसिंह की महिमा का श्रवण किया गया तथा उत्साहपूर्वक हरिनाम संकीर्तन किया गया। पूरे परिसर में “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे” महामंत्र की ध्वनि गूंजती रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों ने उपस्थित होकर भगवान नरसिंह के प्राकट्य दिवस को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया।