ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

अखिल भारतीय मेवाड़ राजपूत महासभा की बैठक में सामाजिक सुधार एवं संगठन सशक्तिकरण पर मंथन

By Goapl Gupta · 07 Jun 2026 · 458 views
अखिल भारतीय मेवाड़ राजपूत महासभा की बैठक में सामाजिक सुधार एवं संगठन सशक्तिकरण पर मंथन
उदयपुर/गोगुंदा, 07 जून। अखिल भारतीय मेवाड़ राजपूत महासभा ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कविता स्थित उदयराज भवन में ट्रस्ट अध्यक्ष भंवरसिंह चदाणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज को सशक्त, संगठित एवं जागरूक बनाने के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन पर विस्तृत चर्चा की गई।
महासचिव पंकजसिंह कड़ेचा ने बताया कि बैठक में समाज में बढ़ रही अनावश्यक दिखावे की प्रवृत्ति, फिजूलखर्ची, नशामुक्ति, शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। समाज हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए यह प्रस्ताव पारित किया गया कि जो सदस्य नियमित रूप से ट्रस्ट की वार्षिक सदस्यता शुल्क जमा नहीं करा रहे हैं, उन्हें सदस्यता से पृथक किया जाएगा तथा समाज के विकास और संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नए सदस्यों को जोड़ा जाएगा।
ट्रस्ट के प्रचार मंत्री भंवरसिंह शिशोदिया ने बताया कि महासभा ट्रस्ट की अगली मासिक बैठक 28 जून को सायरा तहसील के बोरों वाली मादड़ी में आयोजित की जाएगी। बैठक में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष सीए मनोहरसिंह गहलोत एवं पूरणसिंह परमार ने ट्रस्ट की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत कर सदस्यों को वित्तीय स्थिति की जानकारी दी।
बैठक में समाज के युवाओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार एवं सामाजिक नेतृत्व के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, सामूहिक सहयोग तथा संस्कारयुक्त नई पीढ़ी के निर्माण के लिए निरंतर जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में महासभा के पूर्व अध्यक्ष कालूसिंह परमार, बालसिंह खरवड़ रामा, केसरसिंह तलादरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमसिंह खरवड़, उदयपुर जिलाध्यक्ष पृथ्वीसिंह चदाणा, राजसमंद जिलाध्यक्ष लालसिंह परमार, मंगलसिंह सायरा, अमरसिंह चांदावत, भगवतसिंह रामा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विभिन्न चौखलों की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। चूंडा चौखला के अध्यक्ष गोपालसिंह मादा, उपाध्यक्ष तख्तसिंह भारोड़ी तथा नांदेशमा चौखला के अध्यक्ष अमरसिंह चदाणा सहित अन्य पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती हेतु शुभकामनाएं दी गईं।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube