सिटी पैलेस संग्रहालय में एडीजे कुलदीप शर्मा ने किया प्रदर्शनी ‘श्याम भूमि’ का उद्घाटन
By Goapl Gupta ·
31 Jan 2026 ·
5 views
सिटी पैलेस संग्रहालय में
एडीजे कुलदीप शर्मा ने किया प्रदर्शनी ‘श्याम भूमि’ का उद्घाटन
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल।
महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन के सहयोग से उदयपुर के सिटी पैलेस संग्रहालय स्थित ऐतिहासिक छोटा दरीखाना में कलाकार नताशा जोनाथन एवं ज्योति सहदेव की कलाकृतियों की प्रदर्शनी ‘श्याम भूमि’ का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ उदयपुर के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुलदीप शर्मा द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर कला, संस्कृति एवं समाज से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह प्रदर्शनी मेवाड़वासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आए पर्यटकों एवं कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ‘श्याम भूमि’ प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियाँ समकालीन कला दृष्टिकोण के साथ पर्यावरण और सांस्कृतिक संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा कला एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निरंतर इस प्रकार की कला प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाता रहा है, जिससे कलाकारों को मंच मिलने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को भी सशक्त किया जा सके।