नीमकाथाना। नगरपालिका प्रशासन शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर
By Goapl Gupta ·
15 May 2026 ·
20 views
नीमकाथाना।
नगरपालिका प्रशासन शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। अधिशासी अधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में शहरभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के साथ-साथ दिन के समय भी शहर के प्रमुख क्षेत्रों में लगातार कचरा संग्रहण किया जा रहा है। छावनी स्टैंड, खेतड़ी मोड़, सुभाष मंडी, कपिल मंडी, रामलीला मैदान और भूदौली रोड सहित विभिन्न बाजारों व दुकानों से नियमित रूप से कचरा उठवाया जा रहा है।
नगरपालिका द्वारा सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इन स्थानों पर जहाँ सबसे ज़्यादा कचरा उत्पन्न होता है अलग-अलग समय पर ट्रैक्टर एवं ऑटो टिपर लगाए गए हैं। सुबह 2 ट्रैक्टर, सुबह 11 बजे 2 ट्रैक्टर और 2 ऑटो टिपर, दोपहर 2 बजे 2 ट्रैक्टर, शाम 6 बजे 2 ट्रैक्टर तथा रात्रि में भी 2 ट्रैक्टर सफाई कार्य में लगाए जा रहे हैं।
अधिशासी अधिकारी रणजीत सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जब प्रशासन शहर को स्वच्छ रखने के लिए इतने संसाधन लगा रहा है तो नागरिक भी सहयोग करें और कचरा इधर-उधर न फेंकें। उन्होंने लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने और स्वच्छता बनाए रखने में भागीदारी निभाने की अपील की।