ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

अमेरिका में गूंजा जयपुर की बेटी का नाम, 14 वर्षीय इनाया खान बनीं घाना टीम की ग्लोबल लीडर

By Goapl Gupta · 16 May 2026 · 21 views
अमेरिका में गूंजा जयपुर की बेटी का नाम, 14 वर्षीय इनाया खान बनीं घाना टीम की ग्लोबल लीडर

जयपुर। राजस्थान की बेटियां अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। जयपुर की 14 वर्षीय प्रतिभाशाली छात्रा इनाया खान ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है। इनाया को अमेरिका में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित रोबोफेस्ट वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में घाना का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। खास बात यह है कि वह इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम लीडर की भूमिका निभा रही हैं। अमेरिका के मिशिगन स्थित लॉरेंस टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित इस विश्व स्तरीय रोबोटिक्स प्रतियोगिता में घाना रोबोटिक्स अकादमी फाउंडेशन (GRAF) के नेतृत्व में घाना की टीम हिस्सा ले रही है। यह टीम 12 मई 2026 को अमेरिका पहुंच चुकी है और वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है। इनाया खान की उपलब्धि को उस समय और बड़ी पहचान मिली जब संयुक्त राज्य अमेरिका दूतावास घाना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी तस्वीर साझा की। इसे इनाया की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान, तकनीकी दक्षता और नेतृत्व क्षमता का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है। इनाया ने इस प्रतियोगिता में 10 टीमों का नेतृत्व करते हुए अपनी असाधारण प्रतिभा, नवाचार की सोच और मजबूत नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। इतनी कम उम्र में उनका यह मुकाम विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) शिक्षा तथा बालिका सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है। इनाया के पिता शकील खान ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे राजस्थान और देश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि इनाया ने अपने समर्पण, कठिन परिश्रम और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।‌ आज इनाया खान लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि सपनों की उड़ान उम्र नहीं, बल्कि हौसले तय करते हैं।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube