*ठाकुर जी मंदिर की 9.76 हेक्टेयर माफी भूमि पर भू-माफियाओं का कब्जे का प्रयास, महंत ने जान का खतरा बताया*
By Goapl Gupta ·
10 Jun 2026 ·
16 views
*ठाकुर जी मंदिर की 9.76 हेक्टेयर माफी भूमि पर भू-माफियाओं का कब्जे का प्रयास, महंत ने जान का खतरा बताया*
रिपोर्टर::(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज ,राजस्थान
पाटन--- तहसील क्षेत्र के बक्शीपुरा गांव स्थित लगभग 500 वर्ष प्राचीन श्री ठाकुर जी सीताराम जी मंदिर की माफी भूमि पर कथित रूप से भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे और खेती करने के प्रयास का मामला सामने आया है। मंदिर के महंत बलबीर दास ने पुलिस थाना पाटन में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने संगठित होकर मंदिर की भूमि पर जबरन प्रवेश कर अवैध रूप से कृषि कार्य शुरू करने का प्रयास किया तथा विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और जान से मारने की धमकियां दीं।शिकायत के अनुसार राजस्व ग्राम बक्शीपुरा में स्थित मंदिर की लगभग 9.76 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में मंदिर श्री ठाकुर जी सीताराम जी के नाम दर्ज है। महंत का आरोप है कि 10 जून 2026 को कुछ लोग ट्रैक्टरों एवं कृषि उपकरणों के साथ मंदिर की भूमि में पहुंचे और कब्जा कर खेती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्र व्यवहार करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।महंत बलबीर दास ने आरोप लगाया कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से मंदिर की भूमि का अवैध क्रय-विक्रय करने का प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि इस घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी रोष व्याप्त है तथा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। महंत ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।मंदिर प्रबंधन का कहना है कि वर्ष 2022 में ग्रामवासियों के सहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था तथा जनवरी 2026 में बलबीर दास को विधिवत मंदिर का महंत नियुक्त किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग पूर्व में भी मंदिर की धार्मिक परंपराओं और संपत्ति को प्रभावित करने के प्रयास कर चुके हैं।महंत ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मंदिर की भूमि पर किए जा रहे कथित अवैध कब्जे और कृषि कार्य को तत्काल रुकवाया जाए, भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मंदिर और महंत को सुरक्षा प्रदान की जाए।