डॉ. समय कपूर ‘आईडीए स्माइलवर्स अवार्ड्स-2026’ के नेशनल फाइनलिस्ट घोषित
By Goapl Gupta ·
15 Jun 2026 ·
43 views
डॉ. समय कपूर ‘आईडीए स्माइलवर्स अवार्ड्स-2026’ के नेशनल फाइनलिस्ट घोषित
- दंत चिकित्सा क्षेत्र में श्रीगंगानगर के डॉ. समय कपूर ने बढ़ाया मान, देश के शीर्ष डिजिटल डेंटल क्रिएटर्स में हुए शामिल
श्रीगंगानगर, 15 जून 2026: बीडीएस अंतिम वर्ष के छात्र डॉ. समय कपूर को आधिकारिक तौर पर देश के प्रतिष्ठित ‘स्माइलवर्स अवार्ड्स-2026’ के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में चुना गया है। श्रीगंगानगर निवासी मनीष कपूर व योगिता कपूर के पुत्र डॉ. समय कपूर ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की अत्यंत कड़े मुकाबले वाली ‘ग्लोबल एंड रीजनल इम्पैक्ट’ श्रेणी में देश भर के शीर्ष फाइनलिस्ट्स में अपनी जगह बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। फिजियो मनीष कपूर ने बताया कि यह इंडियन डेंटल एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया जा रहा देश का पहला ‘डेंटल क्रिएटर्स अवार्ड’ है, जिसका मुख्य उद्देश्य दंत चिकित्सा जगत (डेंटल कम्युनिटी) में असाधारण रचनात्मकता, निरंतरता और सकारात्मक डिजिटल प्रभाव की पहचान कर श्रेष्ठ प्रतिभाओं को सम्मानित करना है। डॉ. समय कपूर वर्तमान में जेसीडी डेंटल कॉलेज, सिरसा (पीजीआईडीएस, रोहतक और आईडीए से संबद्ध) में बीडीएस अंतिम वर्ष के छात्र के रूप में अध्ययनरत हैं।
उन्होंने बताया कि आईडीए हेड ऑफिस द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, इस राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चयन समिति को देश भर से भारी संख्या में नामांकन प्राप्त हुए थे। इन सभी नामांकनों में से डॉ. समय कपूर के बेहतरीन डिजिटल कंटेंट, अनूठी रचनात्मकता, कार्य की निरंतरता और प्रभावशाली सामाजिक पहुंच को विशेष रूप से रेखांकित व सराहा गया, जिसके आधार पर उन्हें देश के शीर्ष डेंटल क्रिएटर्स की अंतिम सूची में स्थान दिया गया। अब वे इस श्रेणी के अन्य फाइनलिस्ट्स के साथ खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
फिजियो डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का अंतिम परिणाम तथा पुरस्कार वितरण समारोह 28 जून, 2026 को मुंबई के प्रतिष्ठित जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित होने जा रहे भव्य ‘आईडी डीसी-2026’ के दौरान घोषित किया जाएगा। आईडीए हेड ऑफिस द्वारा इस समारोह में शामिल होने के लिए सभी शॉर्टलिस्ट किए गए फाइनलिस्ट्स की उपस्थिति अनिवार्य की गई है, जहां देश भर में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने वाले इन उत्कृष्ट क्रिएटर्स के सफर का जश्न मनाया जाएगा। डॉ. समय कपूर की इस ऐतिहासिक तथा गौरवमयी उपलब्धि पर उनके पिता फिजियो मनीष कपूर, माता फिटनेस इन्फ्लूएंसर योगिता कपूर, जेसीडी डेंटल कॉलेज के फैकल्टी, मैनेजमेंट, मित्रों एवं सहपाठियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है तथा मुंबई में आयोजित होने वाले इस भव्य राष्ट्रीय मंच पर उनकी गौरवमयी जीत के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मनीष कपूर ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ग्लोबल एंड रीजनल इम्पैक्ट श्रेणी में ऑल इंडिया के टॉप 14 फाइनलिस्ट में जगह बनाना वाकई एक बहुत बड़ी और गर्व की बात है। यह राष्ट्रीय स्तर पर डॉ. समय कपूर की असाधारण प्रतिभा, कड़ी मेहनत तथा वैश्विक दृष्टिकोण की सफलता को प्रमाणित करता है।