FIAT JUSTITIA राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का समापन, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर की टीम विजेता घोषित न्यायमूर्ति गोविंद माथुर ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
By Goapl Gupta ·
22 Feb 2026 ·
27 views
FIAT JUSTITIA राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का समापन, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर की टीम विजेता घोषित
न्यायमूर्ति गोविंद माथुर ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
उदयपुर जनतंत्र की आवाज। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय द्वारा आयोजित FIAT JUSTITIA राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का समापन समारोह विधि महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान हाईकोर्ट एवं इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गोविंद माथुर उपस्थित रहे।
अपने प्रभावशाली, प्रेरणादायी एवं अत्यंत विद्वत्तापूर्ण उद्बोधन में न्यायमूर्ति गोविंद माथुर ने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं विधि विद्यार्थियों के लिए केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि न्यायिक जीवन की वास्तविक तैयारी का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि विधि के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए केवल विधिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता, न्याय के प्रति समर्पण, तार्किक दृष्टिकोण एवं सतत अध्ययन की भावना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ होता है, जिसकी भूमिका समाज में न्याय की स्थापना और विधि के शासन को सुदृढ़ करने में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनके प्रेरणादायी विचारों ने उपस्थित विद्यार्थियों में विधि के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का उत्साह एवं आत्मविश्वास जागृत किया।
प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न विधि संस्थानों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी उत्कृष्ट विधिक प्रतिभा, शोध क्षमता एवं प्रभावी तर्क कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में विधि संकाय, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर एवं ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत की टीमों ने भाग लिया।
समग्र परिणाम में टीम कोड TC-FJ-17, विधि संकाय, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर की टीम विजेता घोषित हुई, जिसमें स्पीकर अनिरुद्ध सोनी एवं हीरल जैन तथा शोधकर्ता उन्नति छगानी शामिल रहे। वहीं टीम कोड TC-FJ-37, ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत की टीम उपविजेता रही, जिसमें स्पीकर वैष्णवी अग्रवाल एवं अर्श्या वाधवा तथा शोधकर्ता राशि चौहान शामिल रहे।
प्रतियोगिता में जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर के छात्र अनिरुद्ध सोनी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ छात्र अधिवक्ता (Best Student Advocate) का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ मेमोरियल (Best Memorial) का पुरस्कार टीम कोड TC-FJ-19, शासकीय नवीन विधि महाविद्यालय, इंदौर को प्रदान किया गया, जिसमें स्पीकर जिया हेडाव, स्पीकर रिनी रघुवंशी एवं शोधकर्ता अनिकेत चौधरी शामिल रहे।
इस अवसर पर विधि महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. आनंद पालीवाल ने कहा कि मूट कोर्ट विद्यार्थियों के लिए एक सशक्त शिक्षण मंच है, जहां वे न्यायालयीन प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझते हैं तथा अपने व्यक्तित्व एवं विधिक कौशल का समग्र विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य में एक सक्षम, उत्तरदायी एवं संवेदनशील अधिवक्ता बनने के लिए तैयार करते हैं।
FIAT JUSTITIA मूट कोर्ट प्रतियोगिता की आयोजन टीम की ओर से डॉ. हंसा धीरज जोशी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को न्यायिक प्रक्रिया का वास्तविक अनुभव प्रदान करना एवं उन्हें विधि के क्षेत्र में उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करना है।
इस कार्यक्रम के नॉलेज पार्टनर की भूमिका एससीसी ऑनलाइन ने निभाई एवं टाइम्स मीडिया पार्टनर रहा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. वी.सी. गर्ग, विधि महाविद्यालय की वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. राजश्री चौधरी, सह-अधिष्ठाता डॉ. शिल्पा सेठ, स्पोर्ट्स बोर्ड के सचिव डॉ. बी.आर. पटेल, डॉ. पी.डी. नागदा, डॉ. भाविक पानेरी, डॉ. स्नेहा सिंह, डॉ. कल्पेश निकावत, डॉ. पंकज शंकर लाल मीणा, डॉ. हंसा धीरज जोशी, डॉ. भूपेंद्र आर्य सहित विधि महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विधि छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधि महाविद्यालय की सह-अधिष्ठाता डॉ. प्रियदर्शी नागदा ने कार्यक्रम में पधारे मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायकों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।