पक्षियों की प्यास बुझाने का संकल्प – 1100 परिंडे लगाने के अभियान की हुई शुरुआत
By Goapl Gupta ·
07 Mar 2026 ·
245 views
पक्षियों की प्यास बुझाने का संकल्प – 1100 परिंडे लगाने के अभियान की हुई शुरुआत
बावड़ी।
भीषण गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी की समस्या से राहत दिलाने और प्रकृति संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से सामाजिक कार्यकर्ता विकास यादव एवं उनकी टीम के सदस्य कृष्ण यादव के नेतृत्व में क्षेत्र में “परिंडा अभियान” की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत पूरे क्षेत्र में 1100 परिंडे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि गर्मी के मौसम में पक्षियों को सहज रूप से पानी उपलब्ध हो सके।
अभियान के अंतर्गत मंदिरों, स्कूलों, चिकित्सालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाए जाएंगे, जिससे पक्षियों को पानी के लिए भटकना न पड़े।
इस सेवा कार्य का शुभारंभ शाहपुरा विधायक श्री मनीष यादव के मुख्य आतिथ्य में किया गया। विधायक श्री मनीष यादव ने स्वयं अपने हाथों से परिंडा लगाकर इस पुनीत अभियान की शुरुआत की और उपस्थित युवाओं एवं क्षेत्रवासियों को इस नेक कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक मनीष यादव ने कहा कि “जीव है तो जीवन है” और हर जीव-जंतु तथा पक्षी प्रकृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना मानवता और संवेदनशीलता का प्रतीक है। ऐसे सामाजिक अभियान समाज में सकारात्मक सोच और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता विकास यादव ने बताया कि उनकी टीम हमेशा क्षेत्र में जनसेवा और सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए पक्षियों को पानी उपलब्ध कराने के लिए 1100 परिंडे लगाने का संकल्प लिया गया है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे क्षेत्र में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता की भावना को जागृत करना भी है।
विकास यादव ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने घरों, दुकानों और आस-पास के स्थानों पर परिंडे लगाकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें, ताकि इस भीषण गर्मी में कोई भी पक्षी प्यासा न रहे। उन्होंने कहा कि समाज की छोटी-छोटी पहलें मिलकर प्रकृति संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकती हैं।
इस अवसर पर सुरेश डागर, कृष्ण यादव, रोकी फतेहपुरा, मुलचंद, गणपत बाडीगर, सोहन, रामकुमार बाडीगर, ईश्वर, विक्रम यादव, राकेश सुनारिया सहित अनेक युवाओं ने भाग लिया और इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।