सरकारी आवासों में चोरी एक माह बाद भी सुराग नहीं, राज्यपाल व एसपी को भेजा ज्ञापन चोरों की गिरफ्तारी व चोरी का माल बरामद करने की मांग
By Goapl Gupta ·
07 Mar 2026 ·
140 views
सरकारी आवासों में चोरी
एक माह बाद भी सुराग नहीं, राज्यपाल व एसपी को भेजा ज्ञापन
चोरों की गिरफ्तारी व चोरी का माल बरामद करने की मांग
चौमू . ग्राम गोविंदगढ़ कस्बे की 132 केवी जीएसएस कॉलोनी में तीन कर्मचारियों के सरकारी आवासों में हुई चोरी की वारदात का एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़ित पक्ष और कर्मचारियों ने राजस्थान के राज्यपाल तथा जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजकर चोरों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीण युवा विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष नरपत सिंह राठौड़ और पीड़ित बृजेश कुमार ने बताया कि विद्युत निगम की 132 केवी जीएसएस कॉलोनी में रात के समय अज्ञात चोरों ने तीन सरकारी आवासों के ताले तोड़कर जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया था। घटना के समय कर्मचारी आवासों पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर गोविंदगढ़ थाना प्रभारी विनोद सांखला मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम के साथ साक्ष्य जुटाए थे। पीड़ित बृजेश कुमार, जो सहायक अभियंता कार्यालय गोविंदगढ़ में फीडर इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि 14 जनवरी 2026 को ताऊजी के निधन के कारण वे अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सरकारी आवास का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। चोरी हुए सामान में सोने का हार, मांग टीका, चार अंगूठियां, चार झुमके, दो मंगलसूत्र, सोने के 10 मोती, चांदी की दो चेन, तीन पायल, दो बिछुड़ियां तथा दो गुल्लकों में रखे करीब 25 हजार रुपये सहित लगभग 20 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
पीड़ित ने बताया कि गांव से लौटने के बाद उन्होंने गोविंदगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया था, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि पीड़ित बृजेश कुमार यादव राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन, उपखंड गोविंदगढ़ के अध्यक्ष भी हैं। संगठन के पदाधिकारी के साथ हुई इस घटना और पुलिस की धीमी कार्रवाई को लेकर कर्मचारियों में रोष है।
कर्मचारियों ने जताया रोष, आंदोलन की चेतावनी.
चोरी की घटना में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने शनिवार को बैठक आयोजित की। बैठक में महेन्द्र बिजारणिया, महेन्द्र यादव, शेरसिंह प्रचार, साजिद अली, सुरेन्द्र जी, अशोक नायक और राजकुमार कुमावत सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए कहा कि यदि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।