विभिन्न गूढ़ एवं दार्शनिक विषयों की 3D मॉडलों के माध्यम से किया संजीव प्रस्तुतिकरण
By Goapl Gupta ·
23 Mar 2026 ·
9 views
विभिन्न गूढ़ एवं दार्शनिक विषयों की 3D मॉडलों के माध्यम से किया संजीव प्रस्तुतिकरण
उदयपुर जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। वीतराग विज्ञान पाठशाला, सेक्टर 11 द्वारा श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के स्वाध्याय भवन में बच्चों के लिए एक अनूठे एवं प्रेरणादायक 3D मॉडल प्रस्तुति कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बालकों ने जैन धर्म के विभिन्न गूढ़ एवं दार्शनिक विषयों को सजीव 3D मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को अभिभूत कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री कचरूलाल मेहता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रुत्विक विनय जैन, सारस्वत अतिथि के रूप में डॉ. त्विशा जैन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पं. खेमचंद जैनदर्शनाचार्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संस्कारमय आयोजन बाल पीढ़ी को धर्म, ज्ञान और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में पं. संदीप मेहता, मुकेश बड़ोदिया एवं कल्पना सुरेश जैन ने निष्पक्ष एवं सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए प्रतिभागियों का चयन किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुसंचालित संचालन डॉ. निलेश जैन द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सहज एवं आकर्षक रूप प्रदान किया।
इस अवसर पर पाठशाला के शिक्षक एवं सहयोगी— पं. दीपक शास्त्री, आशा सिंघवी, दीप्ति मेहता, ममता डूंगरिया एवं दीपक भादावत की सक्रिय उपस्थिति एवं योगदान उल्लेखनीय रहा।
कार्यक्रम में बच्चों ने जैन धर्म के सिद्धांतों, अष्ट द्रव्य पूजन, तीन लोक में सारभूत वीतराग विज्ञानता, चार गति, आचार्य कुंदकुंद और उनका समयसार एवं अन्य धार्मिक विषयों पर अत्यंत सुंदर, सृजनात्मक एवं ज्ञानवर्धक 3D मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर उपस्थित साधर्मियों ने भावविभोर होकर उनकी सराहना की।
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित करते हुए प्रथम स्थान खुश तन्मय जैन, द्वितीय स्थान विहा निलेश जैन एवं तृतीय स्थान निवान भूपेंद्र जैन को प्रदान किया गया व बाकी सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इसके अतिरिक्त गत वर्ष महावीर जयंती की झांकियों में भाग लेने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
बच्चों की उत्कृष्ट प्रतिभा एवं प्रयासों से प्रभावित होकर अनेक साधर्मियों ने प्रोत्साहन स्वरूप उदारतापूर्वक राशि प्रदान की। डॉ. रुत्विक विनय जैन ने ₹5100, डॉ. त्विशा अनिल कुमार जैन ने ₹5000 (पाठशाला प्रभावना हेतु), श्री कचरूलाल मेहता एवं श्री ललित बागड़िया ने ₹2100-₹2100, पं. संदीप सनत मेहता ने ₹1000 तथा श्रीमती विशाखा जैन ने ₹1500 (पूजन सहयोग हेतु) की राशि प्रदान की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधर्मियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों के ज्ञान, आत्मविश्वास एवं प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की। सभी ने एक स्वर में कहा कि इतनी कम आयु में जैन धर्म के गूढ़ सिद्धांतों का अध्ययन एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण वास्तव में अत्यंत प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय है।
अंत में आयोजकों द्वारा आगामी 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा की जानकारी दी गई। वीतराग विज्ञान पाठशाला द्वारा सेक्टर 11 से निकलने वाली शोभायात्रा में एक आकर्षक बैंड विशेष आकर्षण रहेगा, वहीं जैन यूथ कनेक्टिविटी द्वारा नगर के मुख्य जुलूस में जैन धर्म के प्रमुख सिद्धांत अनेकांतवाद पर आधारित विशेष झांकी प्रस्तुत की जाएगी।कार्यक्रम का समापन मंगल पाठ एवं सभी के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ।