अनूठी पहल: संतरज खिलाड़ी वाणी जैन ने 15वें जन्मदिन पर शुरू की 15 दिवसीय निःशुल्क शतरंज कक्षाएं
By Goapl Gupta ·
23 Mar 2026 ·
27 views
*अनूठी पहल: संतरज खिलाड़ी वाणी जैन ने 15वें जन्मदिन पर शुरू की 15 दिवसीय निःशुल्क शतरंज कक्षाएं* -- कैलाश चंद्र कौशिक
जयपुर ! मानसरोवर क्षेत्र में एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल सामने आई है, जहां शतरंज खिलाड़ी वाणी जैन ने अपने 15वें जन्मदिन को खास अंदाज में मनाने का निर्णय लिया। वाणी ने अपने निजी बचत के पैसों से 15 दिनों की निःशुल्क शतरंज कक्षाएं आयोजित कर बच्चों के विकास की दिशा में एक अनूठी शुरुआत की है। वाणी का उद्देश्य है कि छुट्टियों के दौरान छोटे बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर उनके मानसिक विकास को बढ़ावा दिया जाए। शतरंज के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता, सोचने की क्षमता और कैलकुलेशन पावर विकसित हो, जिससे वे भविष्य में देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।
वाणी बताती हैं कि जब उन्होंने यह विचार अपने पिता जिनेश कुमार जैन के साथ साझा किया, तो उन्होंने इस सेवा कार्य में पूर्ण सहयोग दिया। इसके बाद चेस पेरेंट्स एसोसिएशन राजस्थान ने भी इस पहल की सराहना करते हुए आवश्यक शतरंज सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।
स्थान की समस्या आने पर वाणी के पिता ने अपने मित्र मनीष सोगानी से संपर्क किया, जिन्होंने अपने कार्यालय परिसर को इस नेक कार्य के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया। लेकिन बच्चों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बाद में MBN सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने भी अपना विशाल हॉल निःशुल्क उपलब्ध कराकर इस अभियान को मजबूती दी।
शुरुआत में सीमित बच्चों के साथ शुरू हुई यह पहल आज एक बड़े स्वरूप में बदल चुकी है। वर्तमान में लगभग 76 बच्चे निःशुल्क शतरंज प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस कार्य में वाणी के साथ इंटरनेशनल कोच विक्रम सिंह, सीनियर एडवोकेट पीयूष शर्मा, सीनियर कोच दीपक राव, WPSF परिवार के सदस्य तथा मीना देवी मेमोरियल ट्रस्ट के पदाधिकारी भी अपनी सेवाएं निःशुल्क दे रहे हैं।
वाणी का कहना है कि जब कोई व्यक्ति सच्चे मन से समाज के लिए अच्छा कार्य करता है, तो प्रकृति भी उसका पूरा साथ देती है।
यह 15 दिवसीय निःशुल्क शतरंज प्रशिक्षण शिविर 15 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 29 मार्च 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
यह पहल न केवल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है।