राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय धौलपुर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन
By Goapl Gupta ·
25 Mar 2026 ·
21 views
राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय धौलपुर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन
धौलपुर। राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय धौलपुर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ और नशा-मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ.त्रिलोक चंद, मेडिकल ऑफिसर, गवर्नमेंट योगा एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र, धौलपुर ने अपने संबोधन में नशे की लत के गंभीर दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने चिकित्सकीय अनुभव के आधार पर बताया कि नशा मानव शरीर के महत्वपूर्ण अंगों जैसे मस्तिष्क, यकृत और हृदय को गंभीर रूप से प्रभावित करता है और दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म देता है। साथ ही उन्होंने मानसिक प्रभावों जैसे तनाव, चिंता, अवसाद और भावनात्मक अस्थिरता पर भी चर्चा की। उन्होंने योग और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को बताते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बी. एल. गुप्ता ने विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि साथियों का दबाव और जागरूकता की कमी कई बार विद्यार्थियों को गलत दिशा में ले जाती है, इसलिए आत्म-नियंत्रण, सकारात्मक सोच और अच्छे वातावरण का होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी ऊर्जा का सही उपयोग करने की सलाह दी। एंटी-ड्रग अधिकारी विजय कुमार अग्रहरी ने नशा संबंधित कानूनी प्रावधानों और रोकथाम के उपायों की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. के. के. उपाध्याय ने किया ।इस दौरान शिवकांत शर्मा, मिलेश चौहान, ब्रजेश त्यागी, विनय बघेला, गिरराज गिरी, उत्तम चौधरी, सौरभ शर्मा, निरंजन सिंह, सृष्टि, वंशिका एवं माधव गर्ग की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सखा-सखी टीम, जिसका नेतृत्व मनीष चौधरी द्वारा किया गया, का विशेष योगदान रहा। टीम के सदस्यों ने कार्यक्रम की तैयारी, समन्वय एवं विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. बी. एल. गुप्ता द्वारा सखा-सखी टीम के 10 सदस्यों को किट वितरित की गई। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पोस्टर प्रदर्शनी रही, जिसमें विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति विषय पर रचनात्मक पोस्टर प्रस्तुत किए। इन पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, स्वास्थ्य पर इसके असर तथा समाज में इसके नुकसान को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। पोस्टर प्रतियोगिता में नमन शर्मा ने प्रथम, प्रियांशु ने द्वितीय तथा पलक शर्मा एवं सौम्या सक्सेना ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियां, भाषण एवं चर्चाएं आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ और नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ के साथ हुआ ।