महावीर जयंती पर वृद्धाश्रम में भोजन सेवा, बुजुर्गों ने दिया आशीर्वाद :
By Goapl Gupta ·
30 Mar 2026 ·
25 views
महावीर जयंती पर वृद्धाश्रम में भोजन सेवा, बुजुर्गों ने दिया आशीर्वाद :
उदयपुर संवाददाता विवेक अग्रवाल। भारतीय दिगंबर जैन सकल नरसिंहपुरा संस्थान उदयपुर द्वारा महावीर जयंती के शुभ अवसर पर तारा संस्थान के श्रीमती कृष्णा शर्मा आनंद वृद्धाश्रम के आवासियों के लिए भोजन प्रसाद का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर संस्थान के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सदस्यों ने अपने हाथों से सभी बुजुर्गों को भोजन परोसा और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में सेवा भावना और सामाजिक सद्भाव की मिसाल देखने को मिली। इस अवसर पर संस्थान के प्रमुख श्री कुंती लाल जैन जी ने सभी को महावीर जयंती की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने बताया कि संस्थान के सदस्य हर वर्ष महावीर जयंती के अवसर पर तारा संस्थान के वृद्धाश्रम के निवासियों के लिए भोजन प्रसाद का आयोजन करते हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य केवल भोजन कराना नहीं, बल्कि आश्रम के बुजुर्ग निवासियों के साथ कुछ समय बिताकर उनके अनुभवों को सुनना और उन्हें अपनापन प्रदान करना भी है। श्री कुंती लाल जैन जी ने तारा संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क आँखों के अस्पताल तथा वृद्धाश्रमों की सराहना करते हुए संस्था प्रमुख श्रीमती कल्पना गोयल तथा श्री दीपेश मित्तल जी को बधाई दी। उन्होंने तारा संस्थान के इन सामाजिक कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। तारा संस्थान के सचिव श्री दीपेश मित्तल ने अखिल भारतीय दिगंबर जैन सकल नरसिंहपुरा संस्थान के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न वृद्धाश्रमों तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर तारा संस्थान की संस्था प्रमुख श्रीमती कल्पना गोयल ने सभी उपस्थित सदस्यों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन के लिए जैन सकल नरसिंहपुरा संस्थान का हार्दिक आभार व्यक्त किया और साथ बताया की जैन समाज सेवा के कार्यों में हमेशा से अग्रणी रहा है और तारा संस्थान में जैन समाज ने हर तरह से अपना योगदान दिया है और ये कई सालों से निरंतर चला आ रहा है। संस्थान के सभी सदस्यों ने वृद्धाश्रम आवासियों को स्रेहपूर्वक भोजन परोसकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह आयोजन जैन धर्म की सेवा और करुणा की भावना को मजबूत करने वाला साबित हुआ, जिसमें युवा और बुजुर्ग पीढ़ी के बीच नेह और सम्मान का सुंदर संवाद देखा गया।