जिले में ई-गवर्नेंस सेल का गठन, विभिन्न विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय*
By Goapl Gupta ·
06 May 2026 ·
20 views
*जिले में ई-गवर्नेंस सेल का गठन, विभिन्न विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय*
सलूंबर, 06 मई। जिले में स्थापित विभिन्न विभागों में संचालित वेब पोर्टल, मोबाइल एप एवं अन्य ई-गवर्नेंस योजनाओं के प्रभावी संचालन, तकनीकी समन्वय एवं मॉनिटरिंग के लिए जिला प्रशासन द्वारा ई-गवर्नेंस सेल का गठन किया गया है। जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद द्वारा जारी आदेश के अनुसार सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों को विभिन्न विभागों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
जारी आदेश के तहत पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा, पशुपालन, ऊर्जा, आयुर्वेद, महिला एवं बाल विकास, आबकारी, उद्यानिकी, नगर परिषद, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सार्वजनिक निर्माण, राजस्व, निर्वाचन, खान एवं भू-विज्ञान, परिवहन, उच्च शिक्षा, कोषालय, कृषि एवं श्रम विभाग सहित अनेक विभागों में ई-गवर्नेंस गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
ई-गवर्नेंस सेल विभिन्न विभागों में संचालित राजस्थान सरकार एवं भारत सरकार के वेब पोर्टल तथा मोबाइल एप के अध्ययन, संचालन और तकनीकी सहायता का कार्य करेगी। साथ ही विभागों में आने वाली तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण, कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में आवश्यक सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाना तथा विभागीय कर्मचारियों को डिजिटल लिटरेसी से जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले में डिजिटल सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाना है, ताकि आमजन को ऑनलाइन सेवाओं का बेहतर, सरल एवं समयबद्ध लाभ मिल सके। इस पहल से विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ने, तकनीकी कार्यों में गति आने तथा डिजिटल गवर्नेंस को मजबूती मिलेगी।