बीपीसीएल ने स्वच्छता पखवाड़ा के तहत आरएसआरटीसी डीलक्स डिपो में चलाया जन-जागरूकता अभियान* -- कैलाश चंद्र कौशिक
By Goapl Gupta ·
16 Jul 2026 ·
21 views
*बीपीसीएल ने स्वच्छता पखवाड़ा के तहत आरएसआरटीसी डीलक्स डिपो में चलाया जन-जागरूकता अभियान* -- कैलाश चंद्र कौशिक
जयपुर, 15 जुलाई, 2026 भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आरएसआरटीसी डीलक्स डिपो में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में आरएसआरटीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों, चालकों एवं बीपीसीएल अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कर्मचारियों एवं चालकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। साथ ही आरएसआरटीसी की बसों एवं कर्मचारियों के निजी वाहनों का निःशुल्क प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) परीक्षण भी किया गया।
स्वच्छता अभियान के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने कार्यस्थल एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया। सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेकर स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरएसआरटीसी डीलक्स डिपो परिसर तथा स्टोर्स एवं परचेज विभाग में वृक्षारोपण भी किया गया। बीपीसीएल अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति से होती है और यदि हर नागरिक इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना ले तो यह एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले सकती है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवनकाल में कम से कम दस पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
आरएसआरटीसी के स्टोर्स प्रभारी ने बीपीसीएल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास मिलकर बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं।
बीपीसीएल ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान को गति देते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।