खाटूधाम से पधारे निज मंदिर पुजारी महाराज, 151वीं भव्य निशान यात्रा और 27वें वार्षिक महोत्सव को मिला आध्यात्मिक आशीर्वाद*
By Goapl Gupta ·
17 Jul 2026 ·
59 views
*खाटूधाम से पधारे निज मंदिर पुजारी महाराज, 151वीं भव्य निशान यात्रा और 27वें वार्षिक महोत्सव को मिला आध्यात्मिक आशीर्वाद*
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र नीमकाथाना शहर में बाबा श्याम की असीम कृपा और भक्तों की अपार श्रद्धा के बीच आयोजित 151वीं भव्य निशान यात्रा एवं 27वें वार्षिक महोत्सव को उस समय विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्राप्त हुई, जब खाटूश्यामजी की पावन धरा से श्री श्याम मंदिर के निज मंदिर पुजारी महाराज लोकेंद्र सिंह चौहान नीमकाथाना श्याम मंदिर पधारे।
महाराज के आगमन पर श्री श्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर योगेंद्र गोयल, आशीष गोयल, मुकेश गर्ग, निखिल अग्रवाल, राजेश कुमावत सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।
नीमकाथाना में आयोजित 151वीं निशान यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बनी। खेड़ापति बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा में हाथों में निशान लिए हजारों श्याम भक्त बाबा के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। जगह-जगह पुष्पवर्षा, इत्रवर्षा और जलपान की व्यवस्थाओं ने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
इसके साथ ही श्री श्याम मंदिर, नीमकाथाना में आयोजित 27वें वार्षिक महोत्सव में भजन संध्या का भव्य आयोजन हुआ, जहाँ सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में डुबोए रखा। पूरा मंदिर परिसर "हारे के सहारे, खाटू वाले श्याम हमारे" के जयघोष से गूंज उठा।
निज मंदिर पुजारी महाराज लोकेंद्र सिंह चौहान की पावन उपस्थिति ने इस महोत्सव को और अधिक दिव्य बना दिया। श्रद्धालुओं ने उनके आशीर्वाद प्राप्त कर बाबा श्याम से सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
श्याम मंदिर कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा श्याम की कृपा और भक्तों के सहयोग से यह आयोजन हर वर्ष नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहा है। नीमकाथाना की यह भव्य निशान यात्रा और वार्षिक महोत्सव क्षेत्र में आस्था, एकता और सनातन संस्कृति का प्रेरणादायी प्रतीक बन चुका है।