राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर प्रारंभ, युवा दिवस भी मनाया गया*
By Goapl Gupta ·
12 Jan 2026 ·
73 views
*राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर प्रारंभ, युवा दिवस भी मनाया गया*
जयपुर।
राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर में आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 18 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
शिविर का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी एवं मुख्य अतिथि डॉ. कविता सिंह चौधरी (प्रांत अध्यक्ष, स्टूडोमैट्रिक्स) द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं, उनके विचारों और युवाओं के लिए उनके संदेशों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और एनएसएस के माध्यम से छात्राएं समाजसेवा, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को आत्मसात कर सकती हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. कविता सिंह चौधरी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर अपने विचार रखते हुए शिकागो में आयोजित विश्व धर्म सम्मेलन में दिए गए उनके ऐतिहासिक भाषण के महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह भाषण न केवल भारत की आध्यात्मिक शक्ति का परिचायक है, बल्कि आज के युवाओं को आत्मविश्वास और वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करता है।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी श्री वीरेंद्र वर्मा ने स्वयंसेविकाओं को एनएसएस के उद्देश्य, लक्ष्य और सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को अनुशासन, सहयोग और सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, एनएसएस इकाई द्वितीय की प्रभारी अधिकारी श्रीमती पंकज कुमारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्राओं को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
इस विशेष शिविर में 100 स्वयंसेविकाएँ भाग ले रही हैं। शिविर के अंतर्गत आज छात्राओं को भवानी निकेतन महाविद्यालय में आयोजित आर्मी से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन कराया गया, जिससे उनमें देशभक्ति और सैन्य जीवन के प्रति जागरूकता उत्पन्न हुई। इसके साथ ही युवा दिवस के अवसर पर सामाजिक जागरूकता रैली का आयोजन भी किया गया।
उद्घाटन सत्र में स्वयंसेविकाओं द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत एवं “हम होंगे कामयाब” गीत का सामूहिक गायन किया गया। तत्पश्चात योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें सभी ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. सुमन ढाका, डॉ. मधुलिका सिंह, उज्ज्वल तथा विद्यार्थी विस्तारक मयंक जी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने सामूहिक रूप से भोजन तैयार कर भोजन किया। शिविर के दौरान सभी स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएँ अनुशासन, सहयोग और मिल-जुलकर कार्य करने की भावना के साथ कार्य करते हुए दिखाई दीं।
इस अवसर पर यह भी स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य ध्येय — “स्वयं से पहले आप” (Not Me But You) — को स्वयंसेविकाएँ व्यवहार में उतारते हुए समाज में जागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं।