*राजस्थान क्षत्रिय दमामी महासभा (RKDDM) के आम चुनाव सम्पन्न, नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित**
By Goapl Gupta ·
19 Jul 2026 ·
17 views
**राजस्थान क्षत्रिय दमामी महासभा (RKDDM) के आम चुनाव सम्पन्न, नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित**
**उदयपुर,।** राजस्थान क्षत्रिय दमामी महासभा (RKDDM) के आम चुनाव समाज के संविधान एवं नियमावली के अनुरूप सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। निर्वाचन प्रक्रिया के पश्चात सभी संवैधानिक पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की गई तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमल वर्मा ने बताया कि समाज की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु 14 जुलाई 2026 को आम सभा का आह्वान किया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जुलाई को नामांकन पत्र प्राप्त किए गए, 17 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया सम्पन्न हुई तथा 18 जुलाई को अंतिम सूची का प्रकाशन किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान समाज के 10 संवैधानिक पदों के लिए कुल 13 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद सहित तीन अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके उपरांत संयोजक, उपसंयोजक एवं निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता मनीष खंडेलवाल की उपस्थिति में सभी 10 संवैधानिक पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की गई।
इसके पश्चात चित्रकूट नगर स्थित खेल गांव के सामने मंगलमय भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता मनीष खंडेलवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में समाज की वरिष्ठ संरक्षक श्रीमती राधा देवी दामोदर लाल वर्मा प्रवीण वर्मा यशवंत वर्मा जगदीश चंद्र राणा सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
महासभा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में कमल वर्मा को अध्यक्ष, जयेश पंवार को उपाध्यक्ष,यथार्थ वर्मा को महासचिव, संतोष दाँत्या को संयुक्त सचिव तथा हरीश पंवार को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसी प्रकार विष्णु वर्मा एवं लव वर्मा संगठन सचिव प्रफुल्ल वर्मा एवं वंदना सिसोदिया प्रचार-प्रसार सचिव तथा तरुणा सिसोदिया सांस्कृतिक सचिव निर्वाचित हुईं।
अपने संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमल वर्मा ने कहा कि नई कार्यकारिणी समाज के सर्वांगीण विकास, सामाजिक एकता एवं संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने के लिए सरकारी स्तर पर प्रयास किए जाएंगे तथा युवाओं को खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएंगी। साथ ही समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और सामाजिक हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।