भारतीय लोक कला मण्डल के 75 वें स्थापना दिवस पर लोकानुरंजन मेला 22 से
By Goapl Gupta ·
18 Feb 2026 ·
6 views
भारतीय लोक कला मण्डल के 75 वें स्थापना दिवस पर लोकानुरंजन मेला 22 से
उदयपुर। लोक कलाओं की अन्तराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संस्था भारतीय लोक कला मण्डल, उदयपुर के 75 वें स्थापना दिवस समारोह पर प्रति वर्ष की भाँति इस वर्ष भी दो दिवसीय लोकानुरंजन मेले का आयोजन दिनांक 22 एवं 23 फरवरी 2026 को होगा।
भारतीय लोक कला मण्डल के निदेशक डॉ. लईक हुसैन ने बताया कि लोक कलाओं की ख्याति प्राप्त संस्था भारतीय लोक कला मण्डल, उदयपुर की स्थापना वर्ष 1952 में स्व. पद्मश्री देवीलाल सामर द्वारा की गयी। स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष राष्ट्रीय लोकानुरंजन मेले और शिल्प मेले का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष संस्था का 75 वॉं स्थापना दिवस समारोह वर्ष बड़े ही धूम-धाम से मनाया जाएगा। स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाले लोकानुरंजन मेले में दिनांक 22 फरवरी 2026 को भारतीय लोक कला मण्डल के कलाकारों द्वारा राजस्थानी लोकगीत एवं कठपुतली नाटिका कालीबाई का मंचन किया जाएगा तो दिनांक 23 फरवरी 2026 को राजस्थानी लोक नृत्य, अलवर का भंपग एवं जोधपुर का फड़ वाचन दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। लोकानुरंज मेले की प्रस्तुतियां प्रतिदिन सायं 07 बजे से प्रारम्भ होगी जिसमें आमजन हेतु प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
डॉ. हुसैन ने बताया कि संस्था में दिनांक 21 फरवरी 2026 से दिनांक 01 मार्च 2026 तक जनजातीय सहकारी विपणन विकास परिसंघ (ट्राईफेड) द्वारा आदि बाज़ार का आयोजन किया जाएगा। जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के हस्त शिल्पियों द्वारा पेंटिग, कपडे़, आभूषण और जैविक वस्तुएं आदि की स्टॉल लगेगी।