ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

राज्यपाल कल दिलाएंगे वृक्षारोपण का संकल्प, श्रीराम महायज्ञ से जुड़ रही पर्यावरण संरक्षण की जनचेतना*

By Goapl Gupta · 22 Jun 2026 · 14 views
*राज्यपाल कल दिलाएंगे वृक्षारोपण का संकल्प, श्रीराम महायज्ञ से जुड़ रही पर्यावरण संरक्षण की जनचेतना*
रिपोर्टर (शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
झड़ाया धाम, 22 जून। झड़ाया धाम में आयोजित 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ के छठे दिन धर्म, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य आहुतियों का क्रम निरंतर जारी रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

यज्ञ समिति ने जानकारी दी कि राजस्थान के माननीय राज्यपाल श्री हरीभाऊ किशनराव बागडे कल 23 जून को महायज्ञ में पधारेंगे। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल श्रद्धालुओं को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार यह पहल हिमालय ट्रस्ट द्वारा संचालित पर्यावरण संरक्षण अभियान को नई गति प्रदान करेगी तथा अधिकाधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेगी।

महायज्ञ की विशेष पर्यावरणीय पहल के अंतर्गत प्रतिदिन श्रद्धालुओं को संतों एवं यज्ञाचार्यों द्वारा अभिमंत्रित पौधे भेंट किए जा रहे हैं तथा उन्हें पौधों की देखभाल कर वृक्ष बनने तक संरक्षण करने का संकल्प दिलाया जा रहा है। श्रद्धालु इस अभियान को उत्साहपूर्वक अपनाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रहे हैं।

दोपहर में आयोजित रामकथा के दौरान कथा व्यास रणवीर भाई ने युवा पीढ़ी को नशामुक्त जीवन अपनाने का भावपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को कमजोर करता है, जबकि संस्कार, संयम और सदाचार जीवन को सफलता एवं सम्मान की ओर ले जाते हैं। उनके मार्मिक संदेश को श्रद्धालुओं ने गंभीरता से सुना और सराहा।

यज्ञ सह आचार्य पंडित संजय शास्त्री ने बताया कि महायज्ञ में अब तक 21 लाख से अधिक आहुतियां अर्पित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि विश्व शांति, मानव कल्याण एवं पर्यावरण शुद्धि के उद्देश्य से चल रहे इस महायज्ञ में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भाग लेकर लोकमंगल की कामना कर रहे हैं।

यज्ञ परिसर में संचालित विशाल अन्नक्षेत्र में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भोजन प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। वहीं महायज्ञ के साथ लगे विशाल मेले एवं आकर्षक झूलों का भी श्रद्धालु एवं बच्चे भरपूर आनंद ले रहे हैं ।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube