कच्ची बस्तियों में फ्रूटी वितरण कर मनाया संरक्षक गिरधारीलाल जाजोदिया का जन्मदिवस
By Goapl Gupta ·
22 Jun 2026 ·
34 views
कच्ची बस्तियों में फ्रूटी वितरण कर मनाया संरक्षक गिरधारीलाल जाजोदिया का जन्मदिवस
लक्ष्मणगढ़। आज 22 जून 2026 सोमवार को लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट लक्ष्मणगढ़ द्वारा संचालित आध्यात्मिक चेतना अभियान के अंतर्गत ट्रस्ट के संरक्षक गिरधारीलाल जाजोदिया का जन्मदिवस सोमवार को बड़े हर्षोल्लास एवं सेवा भावना के साथ मनाया गया। ट्रस्ट कार्यालय में आयोजित संक्षिप्त समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें ट्रस्ट का दुपट्टा पहनाकर, मिठाई खिलाकर एवं शुभकामनाएं देकर जन्मदिवस की बधाई दी।
इस अवसर पर गिरधारीलाल जाजोदिया ने अपने जन्मदिवस को समाज सेवा के रूप में मनाते हुए कच्ची बस्तियों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों एवं बच्चों को ठंडे पेय पदार्थ फ्रूटी का वितरण किया तथा उनके बीच समय व्यतीत कर सामाजिक समरसता एवं सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जीवन के विशेष अवसरों को समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के साथ साझा करने से सच्ची खुशी एवं आत्मिक संतोष प्राप्त होता है।
जन्मदिवस समारोह के दौरान श्री जाजोदिया ने ट्रस्ट के संरक्षक दीनदयाल जोशी एवं ट्रस्ट प्रभारी राजेंद्र कुमार शर्मा को उपहार स्वरूप हाथ घड़ी भेंट कर सम्मानित किया। इस आत्मीय पहल की उपस्थितजनों ने सराहना करते हुए इसे सेवा, सम्मान एवं संस्कारों का सुंदर उदाहरण बताया।
ट्रस्ट द्वारा इस अवसर पर समाज को एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया गया कि जन्मदिवस, वैवाहिक वर्षगांठ एवं अन्य खुशियों के अवसरों को केवल औपचारिक उत्सव तक सीमित न रखकर मंदिर में जाकर ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता कर भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के अनुरूप मनाएं। ट्रस्ट ने लोगों से आह्वान किया कि वे पाश्चात्य संस्कृति की दिखावटी प्रवृत्तियों से दूर रहकर सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ अपने विशेष दिनों को मनाएं।
कार्यक्रम में ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर गिरधारीलाल जाजोदिया को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर ट्रस्ट के संरक्षक गिरधरलाल जाजोदिया, दीनदयाल जोशी, प्रभारी राजेंद्र कुमार शर्मा, दिव्यांग प्रकोष्ठ प्रभारी कमल कुमावत, सुनील कुमार माली, शशि प्रकाश कुमावत, विजय कुमावत, महेश कुमावत, अनिल मुरारका महावीर जांगिड़ सहित ट्रस्ट के संरक्षक पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।