सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ का औचक निरीक्षण
By Goapl Gupta ·
27 Feb 2026 ·
20 views
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ का औचक निरीक्षण
अलवर। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं श्री अनंत भंडारी, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश), अलवर के निर्देशानुसार आज श्री मोहनलाल सोनी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर द्वारा ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
बालिकाओं से संवाद और व्यवस्थाओं का जायजा
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर 03 बालिकाएं आवासित पाई गईं। सचिव श्री सोनी ने स्वयं बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया और उनके रहन-सहन, शिक्षा, खेलकूद तथा मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं को उपलब्ध कराए जा रहे वातावरण पर संतोष व्यक्त किया और उनके मनोबल को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
पुनर्वास और काउंसलिंग पर जोर
सचिव ने केंद्र पर उपस्थित गृह प्रबंधक श्रीमती सरिता तनेजा एवं काउंसलर शालु खण्डेलवाल से बालिकाओं के केस हिस्ट्री और उनकी प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि:
बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनके उचित पुनर्वास की कार्ययोजना बनाई जाए।
मानसिक संबल प्रदान करने हेतु नियमित काउंसलिंग (परामर्श) सत्र आयोजित किए जाएं।
गुणवत्ता और स्वच्छता का सूक्ष्म निरीक्षण
विजिट के दौरान श्री सोनी ने केंद्र के रिकॉर्ड्स का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बालिकाओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता, पोषण स्तर और स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच की। साथ ही, भवन की भौतिक स्थिति, आधारभूत संरचना और परिसर की साफ-सफाई का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।