कटारिया करेंगे फतहसागर पाल पर पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन 24 दिसंबर से 4 जनवरी तक लगेगा रंग-बिरंगे फूलों का मेला
By Gopal Gupta ·
22 Dec 2025 ·
38 views
कटारिया करेंगे फतहसागर पाल पर पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन
24 दिसंबर से 4 जनवरी तक लगेगा रंग-बिरंगे फूलों का मेला
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला प्रशासन एवं उदयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से शिल्पग्राम उत्सव के साथ 24 दिसंबर से 4 जनवरी तक फतहसागर झील की पाल पर भव्य पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि इस पुष्प प्रदर्शनी का शुभारम्भ 24 दिसंबर को अपराह्न 4 बजे पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक श्री गुलाबचन्द कटारिया गणमान्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में करेंगे।
उदयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी में उदयपुर के बड़े औद्योगिक संस्थानों हिन्दुस्तान जिंक लि., वण्डर सीमेण्ट, मिराज ग्रुप, जी. बी. एच. अमेरिकन हॉस्पीटल, मेनकाइण्ड फार्मा, टेम्पसेन्स एण्ड पायरोटेक, रवीन्द्र हेरस प्रा. लि., मेवाड़ पॉलिटेक्स ग्रुप, सिक्योर मीटर्स, गार्डन कॉर्नर एण्ड बोटनिकल कैफे, अरावली ग्रुप, फ्यूजन बिजनेस सोल्यूशन्स प्रा. लि., इराज इवोल्यूशन डिजाईन कम्पनी प्रा. लि., वूडन स्ट्रीट, इकोन इण्स्ट्री, ब्ल्यू फॉस्फेट, आर. के. इवेन्ट के साथ ही उद्यान विभाग (सा.नि.वि.) एवं नगर निगम की सहभागिता रहेगी।
जैन ने बताया कि प्रदर्शनी में पोनसेटिया, गुलदावदी, ग्राफ्टेड केक्ट्स (विदेशी), पिटूनिया, डायन्थस, पेन्जी, छोटे गुलाब, लिलियम, एन्थूरियम, सकूलेन्ट, सजावटी गोभी, इम्पेशियन, जरबेरा, हाईब्रिड गुडहल, बोनसाई प्लान्ट आदि विभिन्न प्रकार की प्रजातियों के प्लान्ट्स प्रदर्शित किये जायेंगे। प्रदर्शनी में मुख्य आकर्षण के केन्द्र फूलों की सजावट का डोम, तितली (बटर फ्लाई), मोर, हिरण एवं अन्य जीवों की थीम का प्रदर्शन तथा सेल्फी पोईण्ट रहेंगे। इसके अतिरिक्त पुष्प प्रदर्शनी के दौरान फतहसागर की पाल पर आकर्षक रंगीन लाईटिंग की जायेगी। साथ ही पाल पर माईक के साथ ओपन स्टेज लगाया जायेगा, जहाँ पर कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन भी कर सकेंगे।