राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर में साइबर सेफ्टी पर जागरूकता कार्यक्रम*
By Goapl Gupta ·
12 Mar 2026 ·
49 views
*राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर में साइबर सेफ्टी पर जागरूकता कार्यक्रम*
जयपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर में गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं के लिए साइबर सेफ्टी विषय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह वीडियो कॉन्फ्रेंस पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न महाविद्यालयों की बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. त्रिपाठी के संबोधन से हुई। उन्होंने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से इस विषय पर दी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुनने, उसे अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान विशेषज्ञों ने राजकोप ऐप्प डाउनलोड करने एवं उसका उपयोग करने, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के प्रभारी अधिकारी श्री वीरेंद्र वर्मा, इकाई द्वितीय की प्रभारी अधिकारी श्रीमती पंकज कुमारी सहित महाविद्यालय का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ी स्वयंसेविकाओं एवं अन्य छात्राओं को महिला अधिकारों और महिला सशक्तिकरण से संबंधित एक प्रेरणादायक लघु फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक रहा।