मन प्रबंधन और ध्यान व्याख्यानमाला का शुभारंभ
By Goapl Gupta ·
05 Apr 2026 ·
13 views
मन प्रबंधन और ध्यान व्याख्यानमाला का शुभारंभ
उदयपुर। सनातन पाठशाला समिति के तत्वावधान में “मन प्रबंधन और ध्यान व्याख्यानमाला” का शुभारंभ शनिवार को विद्या भवन शिक्षा अध्ययन संस्थान, बडगांव में हुआ।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता आशीष सिंहल ने मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं जीवन संतुलन से संबंधित व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया। उन्होंने तनाव प्रबंधन तथा ‘साइंस ऑफ हैप्पीनेस’ के सिद्धांतों को स्पष्ट करते हुए बताया कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में मन को संतुलित एवं शांत रखना अत्यंत आवश्यक है । उन्होंने त्वरित ध्यान तकनीक, प्रसन्नता की गोपनीय तिब्बती तकनीक, 4-4-6 श्वास अभ्यास, डिजिटल बैलेंस तथा विभिन्न एकाग्रता तकनीकों का प्रायोगिक अभ्यास कराया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को नियमित ध्यान के अभ्यास की विधि भी सिखाई। उन्होंने बतलाया कि अप्रैल और मई माह में उदयपुर संभाग के निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों में यह विशेष कार्यशाला निःशुल्क आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी जगदीश पालीवाल ने मन प्रबंधन में भावनात्मक बुद्धिमत्ता (इमोशनल इंटेलिजेंस) के महत्व को प्रेरक कहानियों के माध्यम से समझाया। उन्होंने तनावमुक्त, संतुलित एवं सफल जीवन के लिए उपयोगी सूत्र भी साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की ओर से डॉ. भगवती अहीर ने सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।