अरनियां सहकारी समिति में 28.73 लाख का गबन, पूर्व व्यवस्थापक पर FIR दर्ज
By Goapl Gupta ·
05 Apr 2026 ·
196 views
अरनियां सहकारी समिति में 28.73 लाख का गबन,
पूर्व व्यवस्थापक पर FIR दर्ज
एरियर, वेतन व ग्रेच्युटी में अनियमित भुगतान का आरोप,
उप रजिस्ट्रार के आदेश के बाद पुलिस जांच शुरू
श्रीमाधोपुर . ग्राम पंचायत अरनियां ग्राम सेवा सहकारी समिति में वित्तीय अनियमितताओं और लाखों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। समिति के पूर्व व्यवस्थापक प्रहलाद मल जाट के खिलाफ श्रीमाधोपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समिति के अध्यक्ष हरलाल सिंह यादव ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि प्रहलाद मल जाट ने अपने कार्यकाल के दौरान एरियर, वेतन और ग्रेच्युटी के नाम पर नियमों के विरुद्ध भारी वित्तीय अनियमितताएं कीं।
आरोप है कि अक्टूबर 2007 से जनवरी 2016 के बीच 11 लाख 69 हजार 781 रुपए तथा फरवरी 2016 से जुलाई 2021 के बीच 12 लाख 65 हजार 507 रुपए एरियर के रूप में अनियमित तरीके से उठाए गए। इसके अलावा 4 लाख 37 हजार 916 रुपए अधिक वेतन व ग्रेच्युटी के रूप में भी दुरुपयोग किया गया। इस प्रकार कुल 28 लाख 73 हजार 204 रुपए के गबन का मामला सामने आया है।
मामले में उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां सीकर के 18 जुलाई 2025 के आदेश का हवाला दिया गया है, जिसमें संबंधित व्यक्ति को उक्त राशि के लिए दोषी ठहराया जा चुका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी श्रीमाधोपुर थाने के एएसआई गिरधारी लाल को सौंपी गई है।