22 मई को पट्टी में होगा जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का पावन आगमन*
By Goapl Gupta ·
13 May 2026 ·
57 views
*22 मई को पट्टी में होगा जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का पावन आगमन*
सुभाष तिवारी लखनऊ
*पट्टी, प्रतापगढ़*।
गोरखपुर से प्रारंभ हुई 81 दिवसीय “गविष्ठि (गो-रक्षार्थ-धर्मयुद्ध) यात्रा” के अंतर्गत परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का पावन आगमन आगामी 22 मई दिन शुक्रवार को पट्टी विधानसभा में होने जा रहा है। उक्त जानकारी पट्टी नगर स्थित मूनलाइट कैफे में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन (BYVS) के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा गाविष्ठि यात्रा के मध्यांचल (कानपुर-प्रयाग क्षेत्र) संयोजक राजा सक्षम सिंह ‘योगी’ ने दी।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (र) के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने कहा कि पूज्य शंकराचार्य जी का पट्टी विधानसभा आगमन समस्त क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत गौरव एवं सौभाग्य का विषय है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पूज्य महाराज श्री के दर्शन एवं आशीर्वचन का लाभ प्राप्त करने की अपील की।
पत्रकारो को संबोधित करते हुए राजा सक्षम योगी ने बताया कि पूज्य शंकराचार्य जी की यह यात्रा गौमाता की रक्षा, सनातन धर्म जागरण एवं हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। यात्रा के अंतर्गत पूज्य महाराज श्री उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में जाकर जनमानस को गौसंरक्षण एवं धर्मरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 22 मई को प्रतापगढ़ जनपद के 5 विधानसभा में जाएँगे। सर्वप्रथम पूज्य शंकराचार्य जी का आगमन रामपुर खास विधानसभा में स्वामी करपात्री जी महाराज की जन्मभूमि भटनी में होगा। तत्पश्चात सदर विधानसभा में अंबेडकर चौराहे पर भव्य स्वागत एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत बेल्हा देवी मंदिर दर्शन करते हुए उनका पावन आगमन पट्टी विधानसभा में लगभग दोपहर 12:00 बजे होगा।
पट्टी बाजार स्थित हनुमान मंदिर के निकट उड़ैयाडीह मोड़ पर गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों एवं जयघोष के साथ पूज्य महाराज श्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात पट्टी तहसील के सामने स्वागत व आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित होगा तथा वहाँ से बाईपास मार्ग होते हुए रानीगंज विधानसभा के लिए प्रस्थान करेंगे, जहाँ श्रद्धालुओं द्वारा भव्य अभिनंदन किया जाएगा। अंतिम कार्यक्रम विश्वनाथगंज विधानसभा में होगा तथा रात्रि विश्राम बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के तोड़ी का पुरवा में उज्ज्वल शुक्ला जी के आवास पर प्रस्तावित है।
पत्रकार वार्ता के दौरान सक्षम योगी एवं प्रदीप पांडेय ने समस्त धर्मप्रेमी जनता, गौभक्तों एवं सनातन धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने की अपील की।