ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

राजस्थान सामाजिक सेवा सम्मान से हेल्थ क्लब व फिजियो मनीष सम्मानित - 13 जून को चंडीगढ़ नेशनल समिट में सम्मानित होंगी योगिता कपूर

By Goapl Gupta · 17 May 2026 · 17 views
राजस्थान सामाजिक सेवा सम्मान से हेल्थ क्लब व फिजियो मनीष सम्मानित
- 13 जून को चंडीगढ़ नेशनल समिट में सम्मानित होंगी योगिता कपूर
श्रीगंगानगर, 17 मई 2026: फिटनेस इन्फ्लुएंसर व समाजसेविका श्रीमती योगिता कपूर एवं उनकी संस्था ‘हेल्थ क्लब’ तथा फिजियो मनीष ने राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर गौरव हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। हनुमानगढ़ मार्ग स्थित अग्रवाल ट्रस्ट परिसर में रविवार को आयोजित भव्य समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट, प्रेरणादायी एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘हेल्थ क्लब, श्रीगंगानगर’ तथा फिजियो मनीष को ‘राजस्थान सामाजिक सेवा सम्मान-2026’ से नवाजा गया है। इस राज्य स्तरीय गौरव के साथ ही योगिता कपूर का चयन राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए भी हुआ है, जिसके तहत आगामी माह 13 जून, शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में उन्हें ‘प्रोफेशनल वुमन अचीवर अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।
समाजसेवी फिजियो मनीष कपूर ने बताया कि ‘राजस्थान सामाजिक सेवा सम्मान-2026’ समारोह सांध्य बॉर्डर टाइम्स, एसबीटी न्यूज तथा प्रायोजक स्व. कमला देवी मूंदड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट, श्रीगंगानगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। एसबीटी न्यूज की 5 सदस्यीय चयन समिति द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न कड़े मापदंडों के आधार पर प्रदेश भर की श्रेष्ठ 100 संस्थाओं में ‘हेल्थ क्लब, श्रीगंगानगर’ का चयन किया गया था। रविवार को आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीयादे माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक ने फिटनेस इन्फ्लुएंसर समाजसेविका योगिता कपूर की संस्था हेल्थ क्लब तथा फिजियो मनीष को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर टांटिया ग्रुप के वाइस चेयरमैन डॉ. मोहित टांटिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
समाजसेवी फिजियो मनीष कपूर ने बताया कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के बाद अब योगिता कपूर राष्ट्रीय फलक पर अपनी पहचान दर्ज कराने के लिए तैयार हैं। ‘शी इंस्पायर मैगजीन’ द्वारा 13 जून, शनिवार को हॉलिडे इन, जीरकपुर (चंडीगढ़) में प्रात: 10.30 बजे से सांय 4.00 बजे तक ‘द वीमेन चेंजमेकर्स समिट एंड अवार्ड्स 2026-नॉर्थ एडिशन’ का आयोजन किया जा रहा है। आधिकारिक चयन पत्र के अनुसार, योगिता कपूर को उनकी प्रेरक यात्रा, समर्पण और उत्कृष्ट योगदान के लिए इस नेशनल अवार्ड के लिए चुना गया है। इस प्रतिष्ठित समारोह के दौरान वे ‘लीडिंग द फ्यूचर - वीमेन एट द फोरफ्रंट ऑफ चेंज’ विषय पर आयोजित विशेष परिचर्चा में भी हिस्सा लेंगी, जिसमें देश भर की प्रख्यात महिला लीडर्स तथा उद्यमी शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि श्रीमती योगिता कपूर लंबे समय से ‘हेल्थ क्लब’ के माध्यम से महिलाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक कर रही हैं। इसके साथ ही वे एक समर्पित सोशल वर्कर के रूप में यूनिसेफ तथा ‘ऑर्गन इंडिया’ जैसी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ जुडक़र अंगदान जागरूकता व अन्य सामाजिक कल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी सास, पति एवं परिजनों के सहयोग को दिया है। वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों, खेल व फिटनेस जगत से जुड़े लोगों तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें इसी प्रकार सफलता के नये आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube