पुराना आमेर रोड पर 25 फीट सड़क पर अवैध निर्माण, अधिकारियों की मिलीभगत के आरोप
By Goapl Gupta ·
24 May 2026 ·
12 views
पुराना आमेर रोड पर 25 फीट सड़क पर अवैध निर्माण, अधिकारियों की मिलीभगत के आरोप
जयपुर। नगर निगम जयपुर हेरिटेज के हवा महल जोन क्षेत्र में पुराने आमेर रोड पर 25 फीट सड़क पर कथित रूप से जीरो सेटबैक छोड़े बिना अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि भवन निर्माण नियमों, मास्टर प्लान एवं नगर निगम अधिनियम की खुलेआम अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य कराया जा रहा है और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत के चलते कार्रवाई नहीं हो रही है।
जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य में निर्धारित सेटबैक नहीं छोड़ा गया है, जिससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009, जयपुर विकास प्राधिकरण भवन उपविधि 2020, अग्नि सुरक्षा मानकों एवं मास्टर डेवलपमेंट प्लान के विपरीत किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माणकर्ता द्वारा बिना स्वीकृति मानचित्र, जीरो सेटबैक, सड़क सीमा का अतिक्रमण, पार्किंग नियमों की अनदेखी एवं बेसमेंट निर्माण संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्य नगर निगम अधिनियम की धारा 194, 245, 247 एवं सार्वजनिक मार्ग अतिक्रमण से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन बताया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि नगर निगम हेरिटेज, जेडीए एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर निरीक्षण कर निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाएं, नोटिस जारी करें तथा जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करें।