ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

650 साल पुरानी मामा-भांजे की दरगाह और भोमिया जी मंदिर पर संकट, विरोध में फूटा जनाक्रोश

By Goapl Gupta · 24 May 2026 · 15 views
650 साल पुरानी मामा-भांजे की दरगाह और भोमिया जी मंदिर पर संकट, विरोध में फूटा जनाक्रोश

जयपुर। सांगानेर के ढोल का बाड़ क्षेत्र में स्थित करीब 650 वर्ष पुरानी मामा-भांजे की दरगाह और भोमिया जी मंदिर को हटाने के कथित प्रयासों के विरोध में रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित हुई। स्थानीय लोगों ने RIICO और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए धार्मिक आस्था, विरासत और पर्यावरण संरक्षण की मांग उठाई। दरगाह के खादिम अब्दुल हकीम और अधिवक्ता नसीरुद्दीन खान ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा धार्मिक स्थल खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थल जयपुर की साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और वर्षों से यहां सेवा-पूजा होती आ रही है। अधिवक्ता नसीरुद्दीन खान ने बताया कि वर्ष 1983 में भूमि अधिग्रहण के दौरान दरगाह और मंदिर की भूमि को इससे बाहर रखा गया था। उनका कहना है कि आज तक इस भूमि का विधिक कब्जा नहीं लिया गया। प्रेस वार्ता में पर्यावरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। वक्ताओं ने कहा कि करीब 105 एकड़ क्षेत्र में फैले इस वन क्षेत्र में लगभग 2500 पेड़ हैं, जिनमें बड़ी संख्या में खेजड़ी के पेड़ शामिल हैं। पेड़ों की कटाई की आशंका को लेकर लोगों ने चिंता जताई। स्थानीय लोगों ने मांग की कि दरगाह और मंदिर को न हटाया जाए, वन क्षेत्र को संरक्षित किया जाए और प्रस्तावित परियोजना को अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन विरासत और प्रकृति की कीमत पर नहीं।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube