फिजियो मनीष कपूर ने स्वास्थ्य सेवा एआई पाठ्यक्रम में गाड़े सफलता के झंडे
By Goapl Gupta ·
29 May 2026 ·
138 views
फिजियो मनीष कपूर ने स्वास्थ्य सेवा एआई पाठ्यक्रम में गाड़े सफलता के झंडे
- माइक्रोसॉफ्ट तथा स्किल इंडिया के संयुक्त कोर्स में गौरवशाली उपलब्धि हासिल की
श्रीगंगानगर, 29 मई 2026: चिकित्सा तथा प्रौद्योगिकी क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए फिजियो मनीष कपूर माइक्रोसॉफ्ट तथा स्किल इंडिया द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘एआई इन हेल्थ केयर’ कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले देश के पहले फिजियोथेरेपिस्ट बन गए हैं। राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी) द्वारा मान्यता प्राप्त इस अत्यंत जटिल एवं विस्तृत पाठ्यक्रम को डॉ. मनीष कपूर ने उत्तीर्ण करने के साथ-साथ असाधारण कार्यकुशलता का परिचय देते हुए इसे रिकॉर्ड समय में पूरा कर एक नया इतिहास रच दिया है। आमतौर पर 30 घंटे की निर्धारित अवधि वाले इस ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम को उन्होंने महज 18 घंटों में संपन्न कर अपनी तकनीकी विशेषज्ञता को साबित किया है।
चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) के वास्तविक तथा सुरक्षित अनुप्रयोगों पर आधारित इस पाठ्यक्रम को इस क्षेत्र के सबसे कठिन और विस्तृत प्रणालियों में से एक माना जाता है। राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) स्तर-4 के इस कोर्स की सघनता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें कुल 35 नॉलेज चेक शामिल हैं, जिनके अंतर्गत परीक्षार्थियों को 600 से अधिक गहन और विश्लेषणात्मक प्रश्नों का सामना करना पड़ता है। इस कठिन परीक्षा को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के लिए न्यूनतम 80 प्रतिशत पासिंग स्कोर की अनिवार्य शर्त रखी गई है, जिसके मुकाबले मनीष कपूर ने 90 प्रतिशत का शानदार परिणाम हासिल कर अपनी उच्च तकनीकी तथा व्यावहारिक क्षमता का लोहा मनवाया है। माइक्रोसॉफ्ट की इंडिया सीनियर डायरेक्टर (सीएसआर) मंजू धस्माना के हस्ताक्षरों से जारी इस कौशल योग्यता प्रमाण-पत्र की सत्यता को डिजिटल रूप से सत्यापित भी किया गया है।
यह पहला अवसर नहीं है जब फिजियो मनीष कपूर ने अपनी अनूठी व ऐतिहासिक तकनीकी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन किया है। इससे पूर्व वे गूगल के बेहद प्रतिष्ठित तथा वैश्विक स्तर पर सराहे गए ‘गूगल एआई एसेंशियल्स’ तथा ‘एआई प्रोफेशनल’ कोर्सेज को भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर चुके हैं। इन पाठ्यक्रमों को पूरा करने के बाद उन्हें ‘इंडियाज फर्स्ट गूगल एआई प्रोफेशनल फिजियो’ होने का गौरव प्राप्त हुआ था, जिसके लिए उनका नाम प्रतिष्ठित ‘इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में भी दर्ज किया जा चुका है। माइक्रोसॉफ्ट तथा स्किल इंडिया की इस नवीनतम सफलता के बाद मनीष कपूर इस नए कीर्तिमान को भी वैश्विक रिकॉर्ड्स बुक में दर्ज कराने के लिए जल्द ही अपना आधिकारिक अनुरोध भेजेंगे। उल्लेखनीय है कि स्किल इंडिया भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है। वर्ष 2015 से प्रारम्भ इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को रोजगार-उन्मुख व्यावहारिक कौशल प्रदान करके उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को अर्जित करने के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को प्रेरित करते हुए फिजियो मनीष कपूर ने एक बेहद व्यावहारिक और दूरदर्शी संदेश साझा करते हुए कहा कि चिकित्सा तथा स्वास्थ्य सेवा (हेल्थकेयर) के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका आने वाले समय में पूरी तरह से क्रांतिकारी साबित होने वाली है। उन्होंने आह्वान किया कि जो भी प्रोफेशनल्स स्वास्थ्य सेवाओं में एआई के वास्तविक, सुरक्षित तथा प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गंभीर हैं, उन्हें इस उन्नत पाठ्यक्रम का हिस्सा अवश्य बनना चाहिए। यह प्रशिक्षण पेशेवर दृष्टिकोण को व्यापक बनाने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भारतीय स्वास्थ्य सेवा मानकों को एक नई ऊंचाई देने के लिए भी बेहद आवश्यक है। मनीष कपूर ने देश के अन्य चिकित्सकों तथा चिकित्सा विशेषज्ञों से इस ज्ञान को आत्मसात करने का आग्रह किया है, ताकि चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार के नए प्रतिमान स्थापित किए जा सकें।
संलग्न :- फोटो
सादर प्रकाशनार्थ