वंशिका गर्ग के लापता होने के एक दिन बाद मिला शव, परिजनों ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल; आरयूएचएस के बाहर सैकड़ों लोगों ने न्याय की मांग की*
By Goapl Gupta ·
07 Jun 2026 ·
62 views
*वंशिका गर्ग के लापता होने के एक दिन बाद मिला शव, परिजनों ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल; आरयूएचएस के बाहर सैकड़ों लोगों ने न्याय की मांग की*
संयुक्त अभिभावक संघ ने कहा – *"यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, पूरे समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। बेटी पढ़ तो लेगी, लेकिन उसकी सुरक्षा कौन करेगा?"*
जयपुर। प्रताप नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-17 निवासी मनीष गर्ग की 15 वर्षीय पुत्री वंशिका गर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। रविवार को आरयूएचएस अस्पताल के बाहर परिजनों, समाजजनों एवं संयुक्त अभिभावक संघ के पदाधिकारियों ने एकत्रित होकर निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
पिता मनीष गर्ग के अनुसार वंशिका 05 जून को अपनी माता की दुकान के पास से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने उसी रात लगभग 10:30 बजे प्रताप नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को एक संदिग्ध युवक के संबंध में जानकारी एवं उसका मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया था।
इसके बावजूद अगले दिन 06 जून को वंशिका का शव प्रताप नगर स्थित एआईएस रेजिडेंसी के बी-ब्लॉक क्षेत्र में मिला। यह क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है, जहां कई वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रभावशाली व्यक्तियों के सरकारी आवास स्थित हैं। पिता का आरोप है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से नहीं की जा रही तथा पुलिस की कार्यप्रणाली संदेह उत्पन्न कर रही है।
मृतका के पिता मनीष गर्ग ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन बिना परिवार को पर्याप्त सूचना दिए शव को अपने कब्जे में लेकर आरयूएचएस अस्पताल पहुंच गया। उनका कहना है कि परिवार को बेटी का शव देखने और घर ले जाने की अनुमति भी नहीं दी गई, जिससे उनकी आशंकाएं और गहरी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस तथ्यों को स्पष्ट रूप से साझा नहीं कर रही तथा मामले में कई महत्वपूर्ण प्रश्न अब भी अनुत्तरित हैं। जिसके चलते समाजजनों से न्याय दिलवाने के लिए सामूहिक गुहार लगाई गई थी जिसके बाद रविवार को हॉस्पिटल के बाहर बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर न्याय की गुहार लगाई।
संयुक्त अभिभावक संघ के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा कि किसी भी नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस की तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसे मामलों में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कौन-कौन से कदम उठाए, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कब की गई और खोजबीन की प्रक्रिया कितनी गंभीरता से अपनाई गई।
संयुक्त अभिभावक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि यदि मामले में किसी प्रभावशाली व्यक्ति अथवा उसके सहयोगियों की संलिप्तता की आशंका है, तो जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए प्रकरण की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा स्वतंत्र विशेष जांच दल (एसआईटी) से करवाई जानी चाहिए। इससे पीड़ित परिवार और समाज का विश्वास कायम रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।
संयुक्त अभिभावक संघ ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वंशिका गर्ग प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।