एसीपी अंजू यादव ने किया "रंगमंच आपके द्वार" अभियान के पोस्टर का विमोचन*
By Goapl Gupta ·
19 Jun 2026 ·
129 views
*एसीपी अंजू यादव ने किया "रंगमंच आपके द्वार" अभियान के पोस्टर का विमोचन*
*चौमूं*। श्री गीतागोपाल नाट्यकला संस्थान, चौमूं के तत्वावधान में संचालित होने वाले "रंगमंच आपके द्वार" अभियान के पोस्टर का विमोचन चौमूं एसीपी कार्यालय में सहायक पुलिस आयुक्त अंजू यादव एवं एसीपी कार्यालय के एच.एम. रीडर रामकुमार जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष, रंगमंच कलाकार एवं अभियान संयोजक गोल्ड मेडलिस्ट सुनील सोगण ने एसीपी अंजू यादव को अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य रंगमंच को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में जागरूकता का प्रसार करना है। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, मोहल्लों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, जल संरक्षण एवं देशभक्ति विषयों पर आधारित नाटकों का मंचन किया जाएगा। साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को रंगमंचीय गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
सहायक पुलिस आयुक्त अंजू यादव ने अभियान को संस्कृति एवं रंगमंच के क्षेत्र में एक सराहनीय एवं उल्लेखनीय पहल बताते हुए इसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज में जागरूकता फैलाने, सकारात्मक संदेश पहुंचाने तथा युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभियान संयोजक सुनील सोगण द्वारा रंगमंच के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की तथा अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
संस्थान की ओर से बताया गया कि "रंगमंच आपके द्वार" अभियान पूर्णतः निशुल्क रहेगा तथा इसका शुभारंभ 20 जून 2026 से किया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर नाट्य प्रस्तुतियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे समाज के सभी वर्गों को रंगमंच से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।