ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

उत्तर पश्चिम रेलवे पर 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन* *‘‘ नशामुक्ति जागरूकता रैली‘‘ को भी हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

By Goapl Gupta · 21 Jun 2026 · 7 views
*उत्तर पश्चिम रेलवे पर 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन*
*‘‘ नशामुक्ति जागरूकता रैली‘‘ को भी हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार दिनांक 21.06.2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे पर रेलकर्मियों में योग के प्रति जागरूकता लाने तथा योग के माध्यम से स्वस्थ रहने के लिए *‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग‘‘* थीम पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जगतपुरा स्थित ‘‘मिलन‘‘ सामुदायिक भवन में प्रातः 06.00 से 08.00 बजे तक राजस्थान विश्वविद्यालय के योग प्रशिक्षकों व राजस्थान राज्य जिला योग संगठन, जयपुर द्वारा योग अभ्यास शिविर का आयोजन कर योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया।

इस योगाभ्यास कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री अशोक माहेश्वरी, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक, श्री शिवेंद्र मोहन, प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारीगण तथा रेलकर्मियों व उनके परिवारजनों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर ऑर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्मकुमारी संस्थान जयपुर एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के समन्वय से कार्यालय समय के दौरान ही रेलकर्मियों को सामान्य योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया जिन्हें कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर ही समय समय पर कर सकते हैं।

रविवार को आयोजित योगाभ्यास सत्र में सर्वप्रथम श्री अशोक माहेश्वरी, अपर महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे ने सभी को योग के नियमित अभ्यास की प्रतिज्ञा दिलवाई। राजस्थान विश्वविद्यालय के प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न रोगों में सहायक योग क्रियाओं के महत्व को समझाते हुए सामूहिक योग का अभ्यास कराया गया। अंत में सभी ने नियमित योग के अभ्यास का संकल्प लिया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न कार्यालयों, स्टेशनों, कारखानों, अस्पतालों, स्वास्थ्य इकाइयों आदि में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया ।

योगाभ्यास सत्र के समापन के बाद उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री अशोक माहेश्वरी, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक, श्री शिवेंद्र मोहन, प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारीगणों द्वारा ‘‘नशामुक्ति जागरूकता रैली‘‘ वॉकथान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह नशामुक्ति जागरूकता रैली जगतपुरा स्थित ‘‘मिलन‘‘ सामुदायिक भवन से शुरू होकर जगतपुरा फाटक ,रेलवे कॉलोनी जगतपुरा व रेलवे स्टेशन परिसर से गुजरते हुए आम जनता, विशेषकर युवाओं और रेल कर्मचारियों को नशे के घातक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया ।
इस रैली में स्कूल के बच्चों , आम नागरिक , रेल कर्मचारीगण उनके परिवारजन, उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण व स्काउट -गाइडस उपस्थित रहे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube