अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग के प्रति जागरूकता का संदेश
By Goapl Gupta ·
21 Jun 2026 ·
87 views
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग के प्रति जागरूकता का संदेश
उदयपुर संवाददाता विवेक अग्रवाल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बी.एस.आर. स्पोर्ट्स अकादमी, उदयपुर द्वारा एम.वी.एम. विद्यालय (महावीर विद्या मंदिर स्कूल) परिसर में योग दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 70 से 80 खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
एन.आई.एस. कोच घनश्याम सिंह राजपुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "फिट इंडिया, स्वस्थ भारत" के संदेश एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। विशेष रूप से खिलाड़ियों के लिए योग एकाग्रता, लचीलापन, संतुलन एवं मानसिक दृढ़ता को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
योग गुरु एवं कार्यालय प्रबंधक कमलेश वया के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में एम.वी.एम. विद्यालय के निदेशक नकुल जी, प्रधानाचार्य विनोद पांड्या, बी.एस.आर. स्पोर्ट्स अकादमी के संस्थापक भूपेंद्र सिंह राठौड़, स्केटिंग कोच डीजी सर एवं दिलीप सर, तथा राजस्थान स्तरीय बास्केटबॉल खिलाड़ी पूनम बंजारा, दिव्यम सोनी एवं मिष्टी श्रीवास्तव सहित अनेक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त एवं तनावमुक्त समाज के निर्माण तथा युवाओं को खेलों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार एवं समाज को भी योग से जोड़ने का संकल्प लिया।
सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और जागरूक राष्ट्र निर्माण का जनआंदोलन है।