ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

हेल्थ क्लब द्वारा योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक और आधुनिक योग का अनूठा संगम

By Goapl Gupta · 21 Jun 2026 · 220 views
हेल्थ क्लब द्वारा योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक और आधुनिक योग का अनूठा संगम
- साधकों ने एडवांस बॉल व बम्बू स्टिक योग का प्रदर्शन किया तथा आयुष मंत्रालय ने ‘योग संगम पत्र’ प्रदान किया
- योग विधाओं को डिजिटल मंच पर मिली सराहना, कुछ ही घंटों में इंस्टाग्राम वीडियो को मिले एक लाख से अधिक व्यूज
श्रीगंगानगर, 21 जून 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विशेष अवसर पर नागोरी कॉलोनी स्थित ‘हेल्थ क्लब’ में योग संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह के सत्र में आयोजित इस विशेष शिविर में योग प्रशिक्षिका योगिता कपूर के कुशल मार्गदर्शन में योग साधकों ने पूरे उत्साह के साथ योग की विभिन्न अनूठी विधाओं का अभ्यास किया। इस शिविर की मुख्य विशेषता पारंपरिक आसनों के साथ-साथ एडवांस्ड बॉल योग तथा बम्बू स्टिक योग का अनूठा प्रदर्शन रही, जिसने आधुनिक और पारंपरिक तकनीकों के समन्वय से प्रतिभागियों को ऊर्जावान बनाया।
फिजियो मनीष कपूर ने बताया कि योग सत्र के समानांतर क्लब के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य जाँच एवं फिटनेस मूल्यांकन शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें ओमरॉन मशीन की सहायता से सभी प्रतिभागियों का फुल बॉडी बीएमआई तथा फैट प्रोफाइल परीक्षण किया गया, जिससे साधकों को अपनी शारीरिक संरचना और फिटनेस स्तर को वैज्ञानिक ढंग से समझने में मदद मिली। इस विशिष्ट आयोजन की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम के इंस्टाग्राम वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड होने के कुछ ही घंटों के भीतर 1 लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं और इसे व्यापक सराहना मिल रही है।
मनीष कपूर तथा योगिता कपूर ने बताया कि समाज में स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूकता फैलाने के इस अनुकरणीय प्रयास के लिए भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा हेल्थ क्लब, श्रीगंगानगर को ‘योग संगम पत्र’ प्रदान किया गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव द्वारा हस्ताक्षरित इस आधिकारिक प्रमाण पत्र के अनुसार, नागोरी कॉलोनी में आयोजित यह स्थानीय योग शिविर पश्चिम बंगाल के कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ पूर्ण सामंजस्य और सहभागिता के तहत संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान पर क्लब के प्रबंधकों व सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सेहत और योग को बढ़ावा देने वाले ऐसे रचनात्मक अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर हेल्थ क्लब सदस्य तथा अनेक योग साधक उपस्थित थे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube