युवाओं का सबसे बड़ा मनोरंजन महाउत्सव बना ‘यूथ कनेक्टिविटी सीजऩ-2
By Goapl Gupta ·
29 Jun 2026 ·
6 views
युवाओं का सबसे बड़ा मनोरंजन महाउत्सव बना ‘यूथ कनेक्टिविटी सीजऩ-2
उदयपुर संवाददाता विवेक अग्रवाल। युवा शक्ति को एक सकारात्मक मंच प्रदान करने, आपसी परिचय, संवाद, मनोरंजन एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूथ कनेक्टिविटी द्वारा मायसा रिजॉर्ट, उदयपुर में आयोजित ‘यूथ कनेक्टिविटी सीजऩ-2’ का भव्य आयोजन उत्साह, उमंग और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, परिवारों एवं बच्चों ने भाग लेकर पूरे दिन मनोरंजन, खेलकूद एवं विभिन्न गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया।
आयोजन करता डॉ. निलेश जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत पेय के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित पूल पार्टी ने सभी का मन मोह लिया। रिजॉर्ट के आकर्षक वॉटरफॉल, फाउंटेन शॉवर एवं संगीतमय वातावरण के बीच प्रतिभागियों ने जमकर मस्ती की। कार्यक्रम के दौरान लगातार स्वादिष्ट स्नैक्स की व्यवस्था भी रही।
पूल पार्टी के दौरान प्रसिद्ध एंकर आर.जे. अंकित खोखावत ने अपनी शानदार एंकरिंग, ऊर्जा एवं अनोखी प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने पूल के अंदर अनेक रोचक गेम्स एवं इंटरैक्टिव गतिविधियाँ आयोजित कराईं, जिनमें सभी युवाओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इसके पश्चात गार्डन क्षेत्र में भी मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया।
रिजॉर्ट के गेम ज़ोन में युवाओं एवं बच्चों ने विभिन्न खेलों का आनंद लिया, वहीं अनेक प्रतिभागियों ने जिम सुविधाओं का भी लाभ
उठाया। पूरे परिसर में उत्साह और आनंद का वातावरण बना रहा।
सायंकाल आयोजित मनोरंजन सत्र में यूथ कनेक्टिविटी के फाउंडर मेंबर डॉ. निलेश जैन ने अपनी शानदार स्टैंड-अप कॉमेडी प्रस्तुत कर ऐसा समा बाँधा कि पूरा सभागार ठहाकों से गूँज उठा। उनके सहज हास्य, चुटीले अंदाज़ और सामाजिक व्यंग्य से भरपूर प्रस्तुति ने सभी को अंत तक बाँधे रखा। उपस्थित सभी लोगों ने खुलकर हँसी का आनंद लिया और उनकी प्रस्तुति की जोरदार सराहना की।
कार्यक्रम में यूथ कनेक्टिविटी की फाउंडर मेंबर श्रीमती श्वेता जैन ने संगठन की स्थापना के पीछे की प्रेरणा, उद्देश्य एवं सोच पर प्रकाश डालते हुए बताया कि युवाओं को सकारात्मक दिशा, स्वस्थ मनोरंजन, आपसी सहयोग, सामाजिक जुड़ाव एवं रचनात्मक गतिविधियों का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यूथ कनेक्टिविटी की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहाँ प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा को निखारने और नए संबंध बनाने का अवसर प्राप्त करता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान गौरव डॉ. जिनेंद्र शास्त्री ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा, सकारात्मक वातावरण और सशक्त मंच मिले, तो वे समाज में अभूतपूर्व परिवर्तन का नेतृत्व कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल मनोरंजन पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसे मंचों की आवश्यकता है जो युवाओं को आपस में जोड़ें, संवाद को बढ़ावा दें, व्यक्तित्व विकास का अवसर प्रदान करें और उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाएं। डॉ. शास्त्री ने यूथ कनेक्टिविटी नाम की विशेष सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं को एक सूत्र में पिरोने, नई सोच को प्रोत्साहित करने और राष्ट्र एवं समाज निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने वाला सशक्त अभियान है।
उन्होंने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक और प्रेरणादायी आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सामाजिक समरसता तथा सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर होते रहेंगे और युवा शक्ति को नई दिशा देने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रहे पिंक फॉक्स, पांडा एवं गोरिल्ला जैसे आकर्षक कार्टून कैरेक्टर्स ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों एवं नृत्य से पूरे कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। बच्चों ने इन पात्रों के साथ जमकर नृत्य किया, फोटो खिंचवाए और पूरे समय उनके साथ आनंदमय पल बिताए। ये कार्टून कैरेक्टर्स बच्चों के लिए पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बने रहे।
कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अंत में सभी ने स्वादिष्ट रात्रिभोज का आनंद लिया तथा आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस भव्य आयोजन के इवेंट पार्टनर आरडी एवं यूबॉन रहे। आरडी एवं यूबॉन के संचालक श्री दीपक जैन ने सभी आगंतुक अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आत्मीय स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन के सफल संचालन में यूथ कनेक्टिविटी की पूरी टीम एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इसे उदयपुर के युवाओं के लिए एक यादगार, व्यवस्थित एवं उत्कृष्ट आयोजन बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।