ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

टीडी में इंजीनियरिंग कॉलेज से स्थानीय जनजाति युवकों को रोजगार में मिलेगा लाभ

By Goapl Gupta · 29 Jun 2026 · 17 views
-टीडी में इंजीनियरिंग कॉलेज से स्थानीय जनजाति युवकों को रोजगार में मिलेगा लाभ




उदयपुर संवाददाता विवेक अग्रवाल। सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने सोमवार को डिप्टी सीएम डॉ प्रेमचंद बैरवा व अधिकारियों से मुलाकात कर जावर माइन्स में तकनीकी पदों के लिए स्थानीय युवाओं को सक्षम बनाने टीडी में अभियान्त्रिकी महाविद्यालय (डिग्री एवं डिप्लोमा) की स्थापना करने का अनुरोध किया। सांसद डॉ रावत इस संबंध में पूर्व में सीएम, डिप्टी सीएम व संबंधित अधिकारियों को पत्र भी लिख चुके हैं।
सांसद डॉ रावत ने डिप्टी सीएम डॉ प्रेमचंद बैरवा, सीएम भजनलाल शर्मा के एसीएस अखिल अरोड़ा तथा निदेशक उच्च शिक्षा नथमल डिडेल निदेशक उच्च शिक्षा से टीड़ी में डिप्लोमा कॉलेज स्थापना के लिए विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कॉलेज की स्थापना से इस क्षेत्र के युवा जो माइनिंग क्षेत्र में काम करना चाहते हैं उन्हें माइनिंग, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल व ऑटोमोबाइल जैसे ट्रेड में लाभ मिलेगा। सांसद डॉ रावत ने बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र उदयपुर के अंतर्गत जावर माइन्स में स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान किए जाने का प्रावधान है, परन्तु तकनीकी दक्षता के अभाव के कारण स्थानीय युवाओं को तकनीकी पदों पर नियुक्त नहीं किया जा रहा है। परिणामस्वरूप, स्थानीय नागरिकों को केवल श्रमिक वर्ग के पदों पर ही सीमित किया जा रहा है तथा तकनीकी पदों पर अन्य राज्यों के व्यक्तियों को नियुक्त किया जा रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह आवश्यक है कि क्षेत्र में अभियान्त्रिकी महाविद्यालय (डिग्री एवं डिप्लोमा) की स्थापना की जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को आवश्यक तकनीकी शिक्षा प्राप्त हो सके। क्षेत्र में अभियान्त्रिकी महाविद्यालय खोले जाने से संसदीय संकुल के युवाओं को भी तकनीकी दक्षता मिल सकेगी एवं स्थानीय स्तर पर तकनीकी रोजगार प्राप्त हो सकेगा, जिससे क्षेत्र में आजीविका के लिए हो रहे पलायन पर भी रोक लगाने में सहायता मिलेगी।
सांसद डॉ रावत ने उन्हें बताया कि वेदांता समूह द्वारा भी अपने कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड से क्षेत्र में तकनीकी संस्थान की स्थापना के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता प्रदान किए जाने पर सहमति जताई है। इसलिए कॉलेज की स्थापना में आर्थिक तौर भी कोई समस्या नहीं आने वाली है। उन्होंने कॉलेज की मंजूरी जल्द करवाने का आग्रह किया।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube