सरस डेयरी में किसानों के 20 दिन से जारी धरने को RLP का समर्थन, मांगें नहीं मानी तो आंदोलन होगा तेज*
By Goapl Gupta ·
29 Jun 2026 ·
55 views
*सरस डेयरी में किसानों के 20 दिन से जारी धरने को RLP का समर्थन, मांगें नहीं मानी तो आंदोलन होगा तेज*
रिपोर्टर:- शिंभू सिंह शेखावत जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
पलसाना, 29 जून। सीकर सरस डेयरी, पलसाना में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 20 दिनों से धरने पर बैठे दुग्ध उत्पादक किसानों को सोमवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) का समर्थन मिला। पार्टी के पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों के आंदोलन में शामिल होकर उनकी मांगों को जायज बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के खंडेला सह प्रभारी एडवोकेट गोकुलचंद गोदारा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दुग्ध उत्पादक किसानों की वर्षों पुरानी एवं न्यायसंगत मांगों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने डेयरी प्रशासन से किसानों के प्रतिनिधियों के साथ तत्काल वार्ता कर सकारात्मक पहल करने की मांग की।
गोदारा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की उचित मांगों की अनदेखी की गई तो राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं तेज करेगी।
इस अवसर पर खंडेला सह प्रभारी सुरेश लील गढ़भोपजी ने भी किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि दुग्ध उत्पादकों की मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं और सरकार व डेयरी प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द समाधान निकालना चाहिए।
धरने में सीकर एवं झुंझुनूं जिलों से बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के पदाधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों के समाधान तक पार्टी हर संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।