ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

नेशनल फाइनेंस ओलंपियाड में मुस्कान कपूर ने देश में दूसरा स्थान हासिल कर किया गौरवान्वित

By Goapl Gupta · 01 Jul 2026 · 96 views
नेशनल फाइनेंस ओलंपियाड में मुस्कान कपूर ने देश में दूसरा स्थान हासिल कर किया गौरवान्वित
- प्रथम चरण में अद्वितीय सफलता के आधार पर नेशनल लेवल के दूसरे राउंड के लिए किया क्वालीफाई
श्रीगंगानगर, 1 जुलाई 2026:श्रीगंगानगर की होनहार छात्रा मुस्कान कपूर ने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ‘नेशनल फाइनेंस ओलंपियाड’ (एनएफओ) के लेवल-1 में शानदार सफलता हासिल कर श्रीगंगानगर का नाम पूरे देश में रोशन किया है। फिजियो मनीष कपूर एवं योगिता कपूर की सुपुत्री मुस्कान ने 25 मई, 2026 को आयोजित इस ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 50 में से 48 अंक (96 प्रतिशत) प्राप्त किए हैं। इस शानदार स्कोर के साथ उन्होंने अपनी कक्षा में देश भर में दूसरा स्थान (रैंक 2) हासिल किया है, जो इस परीक्षा का सर्वोच्च स्कोर भी रहा। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस परीक्षा के सफल संचालन तथा प्रमाणन में आईआईएम बेंगलुरु के प्रोफेसर संकर्षण बसु, कैशफ्री के फाउंडर रीजू दत्ता तथा नेशनल फाइनेंस ओलंपियाड के सह-संस्थापक मितुल मेहता एवं शिव बिडानी शामिल हैं।
फिजियो मनीष कपूर ने बताया कि बहुमुखी प्रतिभा की धनी मुस्कान कपूर ने इस कठिन परीक्षा को महज 20 मिनट 36 सेकंड में पूरा कर अपनी कुशाग्र बुद्धि का परिचय दिया। उन्होंने मुख्य रूप से ‘मनी एंड बैंकिंग’ तथा ‘एंटरप्रेन्योरियल फाइनेंस’ जैसे जटिल विषयों में 100 प्रतिशत अंक अर्जित कर ‘सर्टिफिकेट ऑफ आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस’ अपने नाम किया। प्रथम चरण में प्राप्त इस अद्वितीय सफलता के आधार पर मुस्कान ने नेशनल लेवल के दूसरे राउंड (लेवल-2) के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया है, जिसका आयोजन फरवरी 2027 में किया जाएगा।
योगिता कपूर ने बताया कि नोजगे पब्लिक स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा मुस्कान कपूर इससे पूर्व भी कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने डीएवी कॉलेज द्वारा ‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर आयोजित की गई पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में नेशनल लेवल विनर बनने का गौरव प्राप्त किया था। इसके अतिरिक्त, बिड़ला स्कूल द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘मॉडल यूनाइटेड नेशंस’ (एमयूएन) में भी वे शानदार रैंक के साथ विभिन्न अवार्ड और कैश प्राइज जीत चुकी हैं। मुस्कान की इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय उपलब्धि पर उनके माता-पिता योगिता-मनीष कपूर, नोजगे पब्लिक स्कूल प्रशासन, विषय अध्यापकों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा परिजनों ने खुशी का इजहार किया है तथा फरवरी 2027 के अगले चरण में भी कड़ी मेहनत व अनुशासन द्वारा सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube