नीमकाथाना में 80 फीट सड़क चौड़ीकरण की तैयारी तेज, अतिक्रमणकारियों को अंतिम नोटिस जारी*
By Goapl Gupta ·
04 Jul 2026 ·
30 views
*नीमकाथाना में 80 फीट सड़क चौड़ीकरण की तैयारी तेज, अतिक्रमणकारियों को अंतिम नोटिस जारी*
रिपोर्टर (शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज,राजस्थान
नीमकाथाना शहर में प्रस्तावित 80 फीट सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपखंड अधिकारी के निर्देशानुसार सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा राजकीय कपिल अस्पताल से खेतड़ी मोड़ तथा खेतड़ी मोड़ से मीणा धर्मशाला तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन ने सड़क के मध्य से 40 फीट (12 मीटर) मार्गाधिकार क्षेत्र में आने वाले अतिक्रमण एवं अवैध निर्माणों के संबंध में अंतिम नोटिस जारी कर दिए हैं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रणजीत सिंह ने स्पष्ट कहा कि सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। उन्होंने कहा कि मार्गाधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी निर्माणों पर बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कार्रवाई होगी। जिन प्रभावित व्यक्तियों के पास स्वामित्व संबंधी वैध एवं संपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध होंगे, उन्हें नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। वहीं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने वालों के मामलों में नियमों के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा।
नगर पालिका द्वारा गठित टीम ने संबंधित दुकानदारों एवं संपत्ति स्वामियों को नोटिस तामील कर उनकी प्राप्ति रसीद भी ली। टीम ने सभी संबंधित पक्षों को तीन कार्यदिवस के भीतर स्वामित्व संबंधी साक्ष्य, दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समयावधि में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कार्रवाई के दायरे में आने वाली प्रमुख इमारतों में कमला मोदी धर्मशाला अन्य का नाम भी चर्चा में है। स्थानीय स्तर पर आमजन के बीच यह अपेक्षा व्यक्त की जा रही है कि सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान प्रशासन सभी मामलों में समान मापदंड अपनाते हुए पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
शहरवासियों का मानना है कि लंबे समय से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य पूरा होने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी, जाम की समस्या में कमी आएगी तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शहर का आधारभूत ढांचा और अधिक मजबूत होगा।