रिमझिम के तराने लेके आई बरसात..' मेगा म्यूजिकल शो ने बांधा समां*
By Goapl Gupta ·
12 Jul 2026 ·
24 views
*'रिमझिम के तराने लेके आई बरसात..' मेगा म्यूजिकल शो ने बांधा समां*
जयपुर। राजधानी जयपुर में रविवार 12 जुलाई को संगीत और सुरों की ऐसी मनमोहक शाम सजी, जिसने उपस्थित संगीत प्रेमियों को लंबे समय तक याद रहने वाला अनुभव प्रदान किया। स्वर चित्रांश म्यूजिकल ग्रुप की ओर से शास्त्री नगर स्थित साइंस पार्क ऑडिटोरियम में मेगा म्यूजिकल शो "रिमझिम के तराने लेके आई बरसात" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बरसात पर आधारित सदाबहार और लोकप्रिय फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को सुरों की मधुर फुहारों से सराबोर कर दिया। ग्रुप के मीडिया प्रभारी गोविन्द गोपाल सिंह ने बताया कि संगीत प्रेमियों के लिए आयोजित इस विशेष संगीतमय कार्यक्रम में लगभग 50 गायक व गायिका कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज़ से दर्शकों का दिल जीत लिया। बरसात की थीम पर आधारित गीतों के साथ-साथ सदाबहार फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन स्वर चित्रांश म्यूजिकल ग्रुप की फाउंडर एवं चेयरपर्सन डॉ. मीना सक्सेना और गायक कलाकार जितेन्द्र नाग ने किया। दोनों संचालकों ने कार्यक्रम को रोचक अंदाज में आगे बढ़ाते हुए कलाकारों का परिचय कराया और प्रत्येक प्रस्तुति को दर्शकों से जोड़ने का सफल प्रयास किया। डॉ. मीना सक्सेना ने कहा कि संगीत समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है और ऐसे आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही नई पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. अनिल सक्सेना व सीमा सक्सेना ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वर चित्रांश म्यूजिकल ग्रुप निरंतर ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से संगीत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। आयोजन की सफलता के पीछे ग्रुप के एडमिन हर्ष सक्सेना, मनीष माथुर, देवेंद्र कुमावत और जितेन्द्र नाग का विशेष योगदान रहा। सभी ने व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में मुख्य अतिथि जितेन्द्र शेखावत रहे। इसके अलावा सामाजिक, सांस्कृतिक एवं कला जगत से जुड़े लगभग 15 विशिष्ट अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। स्वर चित्रांश म्यूजिकल ग्रुप की ओर से सभी अतिथियों एवं सदस्यों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस भव्य संगीतमय आयोजन के मीडिया पार्टनर दैनिक हेरिटेज पत्रिका रहे। कार्यक्रम में जयपुर शहर के बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों ने भाग लेकर सुरों से सजी इस यादगार शाम का भरपूर आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वर चित्रांश म्यूजिकल ग्रुप के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के निरंतर आयोजन की कामना की।