ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट एवं शंकरा आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में विशाल तृतीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित 80 मरीजों का पंजीयन, 36 मरीज ऑपरेशन हेतु जयपुर रवाना

By Goapl Gupta · 13 Jul 2026 · 56 views
लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट एवं शंकरा आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में विशाल तृतीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित
80 मरीजों का पंजीयन, 36 मरीज ऑपरेशन हेतु जयपुर रवाना

लक्ष्मणगढ़, 12 जुलाई। लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट, लक्ष्मणगढ़ एवं शंकरा आई हॉस्पिटल, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को न्यू टैगोर शिक्षण संस्थान में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया।

शिविर में कुल 80 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिनमें से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच के उपरांत 36 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चयन कर उन्हें निःशुल्क जयपुर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त स्टेट बैंक प्रबंधक दयाराम खींची, समाजसेवी एवं पारस होटल व्यवसायी लक्ष्मीकांत चूड़ीवाला, ट्रस्ट के संरक्षक सुभाष जोशी, रामनिवास शर्मा, दीनदयाल जोशी, गिरधारी लाल जाजोदिया, शंकरा आई हॉस्पिटल के डॉ. आकाश राज तथा गौसेवक संजय जोशी का सान्निध्य प्राप्त हुआ।

ट्रस्ट के संरक्षक सुभाष जोशी ने अपने संबोधन में ट्रस्ट द्वारा संचालित जनसेवा अभियानों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संस्था लगातार सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने, दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनवाने, पालनहार योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, कच्ची बस्तियों में होली-दीपावली स्नेह मिलन, भोजन वितरण, कंबल, जूते-जुराब एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरण, दूध वितरण तथा निर्जला एकादशी जैसे सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने का कार्य कर रही है।

मुख्य अतिथि दयाराम खींची ने कहा कि "ईश्वर द्वारा मनुष्य को मिला सबसे अनमोल उपहार उसकी आँखें हैं। समय-समय पर नेत्र परीक्षण एवं उचित उपचार करवाकर हम अपनी दृष्टि को सुरक्षित रख सकते हैं। जब तक आँखों की रोशनी है, तभी तक संसार की सुंदरता का वास्तविक आनंद लिया जा सकता है।"

पूर्व उपनिदेशक एवं ट्रस्ट संरक्षक रामनिवास शर्मा ने अपने उद्बोधन में लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट एवं शंकरा आई हॉस्पिटल की पूरी टीम को साधुवाद देते हुए कहा कि वर्षों से यह शिविर पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन हेतु चयनित मरीजों को लक्ष्मणगढ़ से जयपुर ले जाने, अस्पताल में भर्ती, ऑपरेशन, भोजन, आवास तथा ऑपरेशन के बाद सुरक्षित वापस लक्ष्मणगढ़ पहुँचाने तक की सम्पूर्ण व्यवस्था शंकरा आई हॉस्पिटल द्वारा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है, जो वास्तव में अनुकरणीय सेवा है।

शिविर में आई ऑप्टिकल के जयपाल प्रजापत द्वारा आधुनिक मशीन से निःशुल्क चश्मे के नंबर की जांच की गई। साथ ही उन्होंने बताया कि शिविर की पर्ची लेकर उनकी दुकान से चश्मा बनवाने वाले मरीजों को 20 से 30 प्रतिशत तक विशेष छूट भी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में ट्रस्ट प्रभारी राजेंद्र कुमार शर्मा, कमल कुमावत, रामपाल कुमावत, अमित सोनी, सुनील कुमार माली, शशि प्रकाश कुमावत, लोकित दईया, यश जैन, वरुण शर्मा, दिनेश गर्ग, अश्विनी घासोलिया, गोवर्धन निराणिया, महेश कुमावत सहित ट्रस्ट के अनेक संरक्षक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिकों का सराहनीय योगदान रहा।

शिविर के समापन पर उपस्थित नागरिकों ने लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट एवं शंकरा आई हॉस्पिटल द्वारा निरंतर किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए ऐसे सेवा कार्यों को समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube