डाबला क्षेत्र में बैंकिंग व्यवस्था बदहाल, वर्षों से बंद पड़ा ATM, आमजन परेशान
By Goapl Gupta ·
18 Jul 2026 ·
52 views
डाबला क्षेत्र में बैंकिंग व्यवस्था बदहाल, वर्षों से बंद पड़ा ATM, आमजन परेशान
*व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव*
रिपोर्टर (शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज , राजस्थान
राजस्थान के सीकर जिले की अंतिम सीमा पर स्थित डाबला क्षेत्र राजस्थान-हरियाणा की सीमा पर बसा एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है। यह क्षेत्र तीन जिलों—सीकर, झुंझुनूं और महेंद्रगढ़—को जोड़ता है। भौगोलिक और व्यावसायिक दृष्टि से इतना महत्वपूर्ण होने के बावजूद आज भी डाबला क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है।
डाबला क्षेत्र में खल, चूरी और काकड़ा का बड़ा थोक व्यापार होता है। इसके अलावा लगभग 15 किलोमीटर के दायरे में करीब 500 क्रेशर और अनेक खनन लीज क्षेत्र संचालित हैं। इस क्षेत्र से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन बदले में क्षेत्रवासियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
क्षेत्र के लोगों की सबसे बड़ी समस्याओं में जर्जर सड़कें, पेयजल संकट, सरकारी परिवहन का अभाव और बैंकिंग सुविधाओं की कमी शामिल हैं। आज भी यहां रोडवेज बस सेवा लगभग नहीं के बराबर है, जिसके कारण लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
डाबला में रेलवे के दो स्टेशन होने के कारण रेल सुविधा तो उपलब्ध है, लेकिन अन्य क्षेत्रों में आवागमन के लिए पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन नहीं है। आसपास के प्रमुख शहर—खेतड़ी (35 किमी), नारनौल (30 किमी), कोटपूतली (40 किमी), नीमकाथाना (30 किमी) और पाटन (15 किमी)—तक पहुंचने के लिए भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सबसे चिंताजनक स्थिति बैंकिंग व्यवस्था की है। पूरे डाबला क्षेत्र में केवल राजस्थान ग्रामीण बैंक की एक शाखा है। लोगों का आरोप है कि बैंक का ATM लंबे समय से बंद पड़ा रहता है, जिससे नकदी निकालने के लिए लोगों को 30–40 किलोमीटर दूर अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि शाखा में लंबे समय से नियमित ब्रांच मैनेजर उपलब्ध नहीं हैं तथा कर्मचारियों का व्यवहार भी आमजन के प्रति संतोषजनक नहीं है। बैंकिंग जैसी आवश्यक सेवा में इस प्रकार की लापरवाही से व्यापारियों, किसानों, मजदूरों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
यह स्थिति तब है जब डाबला क्षेत्र व्यापार, खनन और राजस्व की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है ऐसे में क्षेत्र वासियों की मांग है कि-
राजस्थान ग्रामीण बैंक के एटीएम को तत्काल नियमित रूप से चालू कराया जाए बैंक में स्थाई ब्रांच मैनेजर की नियुक्ति की जाए बैंकिंग सेवाओं में सुधार कर अतिरिक्त बैंक या बैंकिंग सुविधा केंद्र खोले जाएं रोडवेज बस सेवा बेहतर सड़के और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी शीघ्र विस्तार किया जाए डाबला जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र को अब केवल राजस्व का स्रोत नहीं बल्कि विकास का अधिकार भी मिलना चाहिए उम्मीद है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर सिर्फ ध्यान देंगे ताकि क्षेत्र वासियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए दर-दर भटकना ने पड़े।