वीकेआई में मिलावटी मसालों पर बड़ा प्रहार: 6273 किलो स्टॉक सीज, फैक्ट्री पर लटका ताला; बार-बार असुरक्षित मसाले बनाने पर लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
By Goapl Gupta ·
18 Jul 2026 ·
32 views
वीकेआई में मिलावटी मसालों पर बड़ा प्रहार: 6273 किलो स्टॉक सीज, फैक्ट्री पर लटका ताला; बार-बार असुरक्षित मसाले बनाने पर लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
जयपुर। राज्य सरकार के शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत जयपुर में मिलावटी मसालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया (वीकेआई) स्थित एक मसाला फैक्ट्री पर छापा मारकर 6273 किलोग्राम हल्दी और लाल मिर्च पाउडर का स्टॉक सीज कर दिया। फैक्ट्री से हल्दी और लाल मिर्च पाउडर के नमूने जांच के लिए भी लिए गए हैं। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा जयपुर प्रथम के अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार देर रात प्लॉट नंबर D-238, रोड नंबर 9A, वीकेआई स्थित राजेंद्र इंटरप्राइजेज मसाला पिसाई केंद्र पर कार्रवाई की। डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि फैक्ट्री संचालक राजेंद्र सिंह पहले भी मिलावटी और असुरक्षित मसालों के निर्माण एवं कारोबार में संलिप्त पाया जा चुका है। वर्ष 2022 में लिए गए लाल मिर्च पाउडर का नमूना जांच में असुरक्षित (Unsafe) मिला था, जिस पर न्यायालय में परिवाद पहले से विचाराधीन है। वहीं 2025 में लिए गए हल्दी पाउडर का नमूना भी जांच में असुरक्षित पाया गया, जिस मामले में भी न्यायालय में परिवाद दायर करने की कार्रवाई चल रही है। बार-बार असुरक्षित मसाले बनाने के मामले सामने आने के बाद विभाग ने फैक्ट्री को सीज कर दिया है। साथ ही उसका खाद्य लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा-64 के तहत भी संबंधित संचालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।